Patna Encroachment Drive: पटना में अतिक्रमण पर प्रशासन का बड़ा प्रहार : नौवें दिन भी चला मेगा अभियान, 15 से अधिक मकान ध्वस्त

Share

₹1.10 लाख से ज्यादा जुर्माना वसूला

सेन्ट्रल डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संजीव कुमार l संवाददाता l पटना

जिलाधिकारी पटना डॉ. त्यागराजन एस.एम. के निर्देश पर राजधानी पटना में मंगलवार को लगातार नौवें दिन भी अतिक्रमण हटाओ अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी रहा। प्रशासन, नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस और कई विभागों की संयुक्त टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान कई जगहों पर पक्के निर्माण भी ध्वस्त किए गए, जबकि विभिन्न अंचलों में कुल ₹1,10,300 जुर्माना वसूला गया।

“व्यवधान डालने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई”

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित एसडीओ और एसडीपीओ को स्पष्ट निर्देश दिया है कि अभियान में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न करने वालों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जाए। साथ ही दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर अनिवार्य रूप से प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश भी जारी किया गया है। प्रशासन ने आदतन अतिक्रमणकारियों की पहचान कर उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।

कई विभागों की संयुक्त टीम उतरी मैदान में

इस विशेष अभियान में प्रशासन, नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन, राजस्व, पथ निर्माण, स्वास्थ्य, अग्निशमन, विद्युत, दूरसंचार, वन विभाग और पुल निर्माण निगम सहित कई विभागों की टीमें शामिल रहीं। जिलाधिकारी लगातार अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और जिला नियंत्रण कक्ष से इसकी समीक्षा की जा रही है।

पाटलिपुत्र अंचल में चला बुलडोजर

सबसे बड़ी कार्रवाई पाटलिपुत्र अंचल में देखने को मिली, जहां गोलघर से बाँस घाट के पूरब गंगा किनारे तक स्थायी अतिक्रमण हटाया गया। अभियान के दौरान 4 पक्के मकान, 4 खटाल, 4 करकट नुमा मकान और करीब 15 अन्य अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए। प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।

- Sponsored -

इन इलाकों में चला अभियान

नूतन राजधानी अंचल में इनकम टैक्स फल मंडी से विद्युत भवन के पीछे मजार गली तक अतिक्रमण हटाया गया और ₹65 हजार जुर्माना वसूला गया। पटना सिटी अंचल में चौक थाना मोड़ से मालसलामी थाना तक अभियान चलाकर ₹19,400 जुर्माना वसूला गया। फुलवारीशरीफ, अजीमाबाद, बाँकीपुर, कंकड़बाग, दानापुर निजामत और खगौल में भी सड़क किनारे अतिक्रमण हटाए गए।

दानापुर में अभियान के दौरान 10 टायर, 5 बांस, 10 बल्ला और 50 पौधे जब्त किए गए, जबकि बाँकीपुर अंचल में दो ठेले जब्त किए गए। खगौल क्षेत्र में सड़क किनारे जमा अवैध मिट्टी हटाई गई।

फॉलोअप टीम रहेगी सक्रिय

जिलाधिकारी ने कहा कि केवल अतिक्रमण हटाना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि दोबारा कब्जा न हो यह सुनिश्चित करना भी प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए अनुमंडल पदाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में फॉलोअप टीम लगातार सक्रिय रहेगी। जिन जगहों से अतिक्रमण हटाया गया है, वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी।

पाँच सदस्यीय मॉनिटरिंग सेल का गठन

अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए जिला प्रशासन ने पांच सदस्यीय मॉनिटरिंग सेल का गठन किया है। इसमें ट्रैफिक एसपी, एडीएम नगर व्यवस्था, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के एसपी, नगर निगम के अधिकारी और सिटी मजिस्ट्रेट को शामिल किया गया है।

“सुव्यवस्थित यातायात सर्वोच्च प्राथमिकता”

जिलाधिकारी ने कहा कि राजधानी में सुचारू यातायात व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यातायात बाधित करने, अतिक्रमण करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रशासन जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई करेगा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को तार्किक परिणति तक पहुंचाने का निर्देश दिया।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31