डीएम-एसएसपी ने मेला क्षेत्र का किया निरीक्षण, स्वच्छता, पेयजल, बिजली, पार्किंग और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता l पटना |
पितृपक्ष मेला पुनपुन में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधा व्यवस्था को प्राथमिकता दी है। मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। शुक्रवार को जिलाधिकारी कुंदन कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने मेला क्षेत्र का भ्रमण कर तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हर स्तर पर सजग रहने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि पितृपक्ष मेला श्रद्धा, आस्था और धार्मिक परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु यहां पिंडदान और तर्पण के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा और सुरक्षा में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को पूरी सजगता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया। अधिकारियों से कहा गया कि वे मेला क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते रहें और किसी भी समस्या की जानकारी मिलते ही उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।

सफाई से लेकर शौचालय तक व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर
डीएम ने मेला परिसर और आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़ के कारण कूड़ा जमा नहीं हो, इसके लिए लगातार कूड़ा उठाव की व्यवस्था रखी जाए। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त स्वच्छता कर्मियों की तैनाती भी की जाए।
इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी मूलभूत सुविधाएं लगातार कार्यशील रहें और किसी प्रकार की तकनीकी समस्या होने पर उसका तत्काल निराकरण कराया जाए।
पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस
मेला क्षेत्र में वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पार्किंग और यातायात व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि वाहनों का परिचालन इस तरह नियंत्रित किया जाए कि श्रद्धालुओं की पैदल आवाजाही प्रभावित न हो। भीड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने और आवश्यकता के अनुसार यातायात प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था करने को कहा गया।
नदी घाटों पर गोताखोर और एसडीआरएफ की तैनाती
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने मेला ड्यूटी में तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। विधि-व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन पर भी विशेष नजर रखी जाए।
नदी के आसपास सुरक्षा को लेकर गोताखोर और एसडीआरएफ की टीम को लगातार मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया है। पुलिसकर्मियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि मेला में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुविधाजनक और सहज वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।






