विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण और लघु नाटिका से बांधा समां
शिक्षकों व छात्रों ने ली स्वच्छता, सत्य और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ
एजुकेशन न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l सिवान।
सदर प्रखंड स्थित शुभवंती इंस्टिट्यूट ऑफ एजुकेशन में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम के दौरान पूरे संस्थान परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से दोनों महापुरुषों के विचारों और आदर्शों को याद किया।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत एवं भाषण प्रस्तुत कर दोनों महान नेताओं के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बी.एड. एवं डी.एल.एड. के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत लघु नाटिका रही। नाटिका के माध्यम से स्वच्छता, सादगी और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने उपस्थित शिक्षकों और सहपाठियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सादगी के सिद्धांतों पर आधारित था, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा का आदर्श प्रस्तुत किया।

अपने संबोधन में संस्थान के प्राचार्य ने कहा कि गांधी जी ने देशवासियों को सत्य और अहिंसा का मार्ग दिखाया। वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देकर देश के जवानों और किसानों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षकों और विद्यार्थियों को इन दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की जरूरत है। शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार और संस्कारवान नागरिक तैयार करना भी है।
संस्थान के एचओडी राजीव रंजन श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में महात्मा गांधी के विचारों, उनके संघर्ष और शैक्षिक दर्शन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी समाज और शिक्षा के क्षेत्र में प्रासंगिक हैं। उनके आदर्शों को अपनाकर विद्यार्थी अपने व्यक्तित्व का समग्र विकास कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान के वरीय शिक्षक संदीप कुमार श्रीवास्तव, दिनेश कुमार, पंकज कुमार मल्ल एवं आभा कुमारी सहित सभी शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता, सत्य एवं कर्तव्यनिष्ठा की शपथ ली। उपस्थित लोगों ने अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
समस्त कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के डायरेक्टर सतीश कुमार राय एवं अध्यक्ष डॉ. उपमा कुमारी राय के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्थान के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय भूमिका रही। जयंती समारोह ने विद्यार्थियों को गांधी और शास्त्री के जीवन-मूल्यों को समझने तथा उन्हें व्यवहार में उतारने की प्रेरणा दी।






