Siwan News: सीवान में आलमापुर और रसूलपुर कांड : कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने दोनों घटनास्थलों का लिया जायजा, विस्फोट की घटनाओं को बताया भयावह

Share

पीड़ित परिवारों के पुनर्वास और मुआवजे की मांग, महाराजगंज एसडीपीओ अमन कुमार से की बातचीत; रसूलपुर में मृतक अनीश के परिजनों से मिल जताई संवेदना

कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने बड़हरिया सीओ से की बात, चार लाख रुपए की आपदा राहत राशि भेजने की पुष्टि

- Sponsored -

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता | सीवान

सीवान जिले के बड़हरिया प्रखंड अंतर्गत आलमापुर और रसूलपुर में हुई घटनाओं के बाद शनिवार को कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल दोनों गांवों में पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने घटनाओं को भयावह और अत्यंत दुखद बताते हुए राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन से पीड़ित परिवारों को राहत, पुनर्वास और समुचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने प्रभावित परिवारों की स्थिति की जानकारी ली और प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।

आलमापुर में विस्फोट स्थल का लिया जायजा

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल सबसे पहले आलमापुर पहुंचा, जहां विस्फोटक सामग्री से जुड़ी घटना में जान-माल की क्षति हुई है। नेताओं ने घटनास्थल का जायजा लिया और वहां मौजूद महाराजगंज के एसडीपीओ अमन कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत की।

- Sponsored -

प्रतिनिधिमंडल ने बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिलने पर चिंता जताते हुए मामले की गंभीरता से जांच कराने और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।

रसूलपुर में मृतक अनीश के परिजनों से मिले कांग्रेस नेता

आलमापुर के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल रसूलपुर गांव पहुंचा, जहां पिछले दिनों नाटक के दौरान हुई घटना में कई बच्चे झुलस गए थे। इनमें घायल अनीश कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

कांग्रेस नेताओं ने मृतक अनीश के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल ने परिवार की स्थिति की जानकारी लेते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने बड़हरिया के अंचलाधिकारी मनीष कुमार से दूरभाष पर बातचीत की। कांग्रेस के अनुसार, अंचलाधिकारी ने अनीश कुमार के खाते में चार लाख रुपए की आपदा राहत राशि भेजे जाने की पुष्टि की।

घायल बच्चों के इलाज और आर्थिक सहायता की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने रसूलपुर की घटना में घायल अन्य बच्चों के समुचित इलाज और प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने कहा कि दोनों घटनाओं से प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता मिलनी चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल में ये नेता रहे शामिल

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष सुशील कुमार, किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अशोक कुमार सिंह, प्रदेश प्रतिनिधि शमीम अहमद खान, प्रदेश नेता विश्वनाथ यादव एवं संजय रानीपुरी, अल्पसंख्यक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सेराज आलम, प्रखंड अध्यक्ष शहाबुद्दीन अंसारी, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष बच्चा सिंह, कुतुबद्दीन अहमद और संजय सोनी शामिल रहे।


इनसेट

सीवान में अवैध पटाखा निर्माण और बिक्री पर प्रशासन सख्त, दो दिनों तक चलेगा विशेष जांच अभियान

डीएम विजय प्रकाश मीणा और एसपी भारत सोनी ने सभी सीओ और थानाध्यक्षों को दिए निर्देश, बिना लाइसेंस पटाखा कारोबार करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई

संवाददाता | सीवान

सीवान जिले में पटाखों के अवैध निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। शनिवार को जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी की संयुक्त अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। इसमें जिले के सभी अंचलाधिकारियों और थानाध्यक्षों को विशेष जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन ने 24 और 25 अक्टूबर को दो दिवसीय अभियान के तहत अवैध पटाखा कारोबारियों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

बिना लाइसेंस कारोबार करने वालों पर होगी कार्रवाई

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पटाखों का निर्माण, भंडारण तथा थोक एवं खुदरा बिक्री करने वाले सभी कारोबारियों की पहचान कर उनकी अनुज्ञप्ति की जांच की जाए। बिना वैध लाइसेंस कारोबार करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों को सर्वोच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय के लागू निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने को भी कहा गया।

रात 8 से 8:30 बजे तक पटाखे फोड़ने का निर्देश

जिला प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों में पटाखे फोड़ने के लिए रात 8 बजे से 8:30 बजे तक का समय निर्धारित किए जाने की जानकारी दी गई है। इस दौरान केवल अनुमत हरित पटाखों के उपयोग की बात कही गई है।

प्रशासन ने रिहायशी और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पटाखों की बिक्री पर रोक लगाने तथा उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है।

जब्त पटाखों के सुरक्षित विनष्टीकरण पर जोर

जांच अभियान के दौरान जब्त किए जाने वाले अवैध बारूद और पटाखों का निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार विनष्टीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उपेंद्र कुमार यादव ने बताया कि प्रशासनिक निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031