पीड़ित परिजनों को हरसंभव सहायता का दिया भरोसा, मौके पर मौजूद सीओ को आज ही सरकारी सहायता राशि का चेक उपलब्ध कराने का निर्देश
लोजपा (रामविलास) के वरिष्ठ नेता और दरौली विधायक भी रहे मौजूद, पीड़ित परिवार को सांत्वना देकर हरसंभव सहयोग का दिया आश्वासन
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
कृष्ण मुरारी पांडेय | बैकुंठपुर (गोपालगंज)
गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर प्रखंड अंतर्गत सफियाबाद में गैस सिलेंडर हादसे से प्रभावित परिवार से मिलने बिहार सरकार के गन्ना मंत्री पहुंचे। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिजनों एवं घायलों के परिवार से मुलाकात कर घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। मंत्री ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में बिहार सरकार उनके साथ खड़ी है।
सीओ को निर्देश, आज ही उपलब्ध कराएं सहायता राशि का चेक
पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान मंत्री ने हादसे की जानकारी ली और परिजनों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर मौजूद अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि सरकारी प्रावधानों के तहत मिलने वाली सहायता राशि का चेक पीड़ित परिवार को आज ही उपलब्ध कराया जाए।

मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि राहत एवं सहायता संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सभी आवश्यक प्रक्रियाएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाएं।
मंत्री बोले- संकट की घड़ी में पीड़ितों की मदद सरकार की प्राथमिकता
गन्ना मंत्री ने कहा कि दुर्घटना से प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के अनुसार हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
दरौली विधायक सहित लोजपा के कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
इस अवसर पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश प्रधान महासचिव कैप्टन नन्द कुमार, छात्र प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं दरौली विधायक विष्णु देव पासवान, अनुसूचित जाति-जनजाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष परशुराम पासवान तथा महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष शोभा सिन्हा उपस्थित रहीं।
इनके अलावा पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अंशु कुमार मिश्र, संसदीय बोर्ड के जिलाध्यक्ष अमित भारद्वाज, खेल प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मनिंद्र ओझा, प्रखंड अध्यक्ष विनोद पासवान, मंजित त्रिपाठी, ऋषि रंजन राय, सुनील मिश्र और अंकु सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
नेताओं ने जताई संवेदना, हरसंभव सहयोग का भरोसा
मौजूद नेताओं ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्घटना से प्रभावित परिवारों को इस कठिन समय में आर्थिक और सामाजिक सहयोग की आवश्यकता है।






