फोटो परिचय : महाराजगंज के बंगरा स्थित रघुवीर सिंह स्मृति स्मारक परिवार में खरना का प्रसाद तैयार करतीं छठ व्रती।
36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू, रविवार को अस्ताचलगामी और सोमवार को उदीयमान सूर्य को देंगे अर्घ्य; जिले के सभी 19 प्रखंडों में छठ घाटों पर तैयारियां अंतिम चरण में
संवाददाता | सीवान
लोक आस्था और सूर्योपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ के दूसरे दिन शनिवार को जिलेभर में खरना पूजा श्रद्धा, आस्था और विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। व्रतियों ने पूरे दिन निर्जला उपवास रखने के बाद शाम को छठी मैया की पूजा-अर्चना की। इसके बाद मिट्टी के चूल्हे पर तैयार गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद छठी मैया को अर्पित कर स्वयं ग्रहण किया। खरना संपन्न होने के साथ ही व्रतियों का कठिन 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया।
खरना पूजा को लेकर सुबह से ही व्रती परिवारों में विशेष उत्साह रहा। घरों की साफ-सफाई और पूजा की तैयारियों के बीच पूरी पवित्रता के साथ प्रसाद तैयार किया गया। शाम को छठी मैया की आराधना के बाद परिवार के सदस्यों और श्रद्धालुओं के बीच खरना का प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान घरों में छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। पूरे जिले में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
जिले के सभी 19 प्रखंडों में छठ घाटों पर विशेष तैयारी
सीवान, महाराजगंज, मैरवा सहित जिले के सभी 19 प्रखंडों में छठ महापर्व को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। नदी घाटों, तालाबों और पोखरों की साफ-सफाई के साथ रोशनी, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की सफाई और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने संबंधित अधिकारियों को छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता और भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला मुख्यालय स्थित दाहा नदी के पुलवा घाट पर भी छठ पूजा की तैयारियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
रविवार, 15 नवंबर को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य देंगे। सोमवार, 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।
इनसेट खबर
छठ में यात्रियों की सुविधा के लिए सीवान रेलवे स्टेशन को मिलीं दो ट्राईसाइकिल
संवाददाता | सीवान
छठ महापर्व के दौरान रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले दिव्यांग, बुजुर्ग और बीमार यात्रियों की सुविधा के लिए एक निजी नर्सिंग कॉलेज एंड हॉस्पिटल ने शनिवार को सीवान रेलवे स्टेशन को दो ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराईं। कॉलेज के छात्रों के सुझाव पर निदेशक ने यह सराहनीय पहल की।
कॉलेज के निदेशक ने स्टेशन अधीक्षक मुकेश कुमार सिंह, डीसीआई राजाराम और वाणिज्य अधीक्षक उपेंद्र कुमार सिंह को दोनों ट्राईसाइकिल सौंपीं।
रेलवे अधिकारियों ने कॉलेज प्रबंधन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे जरूरतमंद यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से छठ महापर्व के दौरान स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच दिव्यांग, बुजुर्ग और बीमार यात्रियों को आवागमन में सहूलियत होगी।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि दोनों ट्राईसाइकिल का उपयोग जरूरतमंद यात्रियों की सहायता के लिए किया जाएगा। कॉलेज प्रबंधन की इस पहल को यात्रियों की सुविधा और सामाजिक सरोकार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







