फोटो कैप्शन : सीवान के दाहा नदी स्थित पुलवा घाट पर सिर पर दउरा लेकर पहुंचते जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा तथा उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते हुए
पहली बार रखा छठ व्रत, आम श्रद्धालु की तरह आवास से पैदल पहुंचे पुलवा घाट; व्रतियों के साथ बैठकर की पूजा, दाहा नदी के संरक्षण का दिया संदेश
कृष्ण मुरारी पांडेय | सीवान
लोक आस्था के महापर्व छठ पर सोमवार की सुबह सीवान के जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा का अनोखा अंदाज देखने को मिला। पहली बार छठ व्रत कर रहे जिलाधिकारी सिर पर दउरा लेकर अपने आवास से पैदल दाहा नदी स्थित पुलवा घाट पहुंचे। यहां उन्होंने आम श्रद्धालु की तरह छठ व्रतियों के साथ जमीन पर बैठकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर छठी मैया से जिलेवासियों की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।
सामान्य वेशभूषा में जिलाधिकारी को अपने बीच देखकर श्रद्धालु आश्चर्यचकित रह गए। विशेषकर महिलाओं और युवाओं में खासा उत्साह दिखा। जिलाधिकारी ने व्रती महिलाओं से छठ पूजा की विधि की जानकारी ली और उनके साथ बैठकर पूजन किया। कई अभिभावक अपने बच्चों को जिलाधिकारी की सादगी और आस्था का उदाहरण देकर प्रेरित करते नजर आए।
छठ पर्व स्वच्छता और सामाजिक समरसता का प्रतीक : डीएम
जिलाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व केवल सूर्योपासना नहीं, बल्कि स्वच्छता, सामाजिक समरसता और प्रकृति संरक्षण का संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार छठ पूजा के दौरान स्वच्छता रखी जाती है, उसी तरह वर्षभर स्वच्छता बनाए रखने की आवश्यकता है। दाहा नदी को सीवान की जीवनरेखा बताते हुए उन्होंने इसके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की। कहा कि जनसहभागिता और संवेदनशील प्रयासों से ही नदी का संरक्षण संभव है।

घाटों पर सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
पूजा के दौरान जिला पंचायती राज पदाधिकारी बालेंदु नारायण पांडेय, जिला योजना पदाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, सहायक निदेशक रुपेश कुमार, वरीय उपसमाहर्ता शालू कुमारी और जिला आपूर्ति पदाधिकारी तनुजा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक भारत सोनी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। घाटों पर एसडीआरएफ की टीम, पुलिस बल और स्वास्थ्यकर्मी तैनात रहे। वॉच टावर से निगरानी की गई। श्रद्धालुओं के लिए चेंजिंग रूम और सुगम आवागमन की व्यवस्था भी की गई थी।
प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उपेंद्र कुमार यादव ने बताया कि जिला प्रशासन की सतर्कता और व्यापक तैयारियों के बीच छठ महापर्व शांतिपूर्ण एवं सुविधाजनक वातावरण में संपन्न हुआ।







