Violation of order: सिवान में गोपालगंज मोड़ पर फिर शुरू हुआ स्थायी निर्माण कार्य; ट्रैफिक जाम की आशंका: पहले डीएम ने हटवाया था निर्माण

Share

अब दोबारा शुरू होने से स्थानीय लोग चिंतित

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

कृष्ण मुरारी पांडेय। सिवान।

शहर के व्यस्ततम स्थानों में शुमार गोपालगंज मोड़ (शहीद कामरेड चंद्रशेखर गोलंबर के पास) पर एक बार फिर स्थायी निर्माण कार्य शुरू हो गया है। निर्माण शुरू होते ही स्थानीय लोगों और वाहन चालकों की चिंता बढ़ गई है। मालूम हो कि करीब दो माह पहले ट्रैफिक संचालन में गंभीर परेशानी को देखते हुए जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय के निर्देश पर यहां से निर्माण कार्य हटवा दिया गया था।

उल्लेखनीय है कि गोपालगंज मोड़ शहर का महत्वपूर्ण टर्निंग पॉइंट है, जहां से गोपालगंज, छपरा, मैरवा और शहर के अंदरूनी इलाकों के लिए भारी और हल्के वाहनों का आवागमन होता है। प्रतिदिन सैकड़ों बसें, ट्रक, ऑटो और निजी वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में सड़क के किनारे या बीच में किसी भी प्रकार का स्थायी ढांचा ट्रैफिक व्यवस्था को सीधे प्रभावित करता है।

स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों का कहना है कि पहले भी निर्माण के कारण बड़े वाहनों को मुड़ने में काफी दिक्कत होती थी। कई बार जाम की स्थिति बन जाती थी, जिससे स्कूल बसों और एंबुलेंस तक को निकलने में परेशानी हुई थी। लोगों का आरोप है कि यदि फिर से स्थायी निर्माण किया गया तो टर्निंग रेडियस कम हो जाएगा और ट्रकों व बसों को मोड़ने में और अधिक समस्या आएगी।

नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण से पहले ट्रैफिक पुलिस और नगर परिषद की संयुक्त टीम द्वारा स्थल का पुनः निरीक्षण कराया जाए। उनका कहना है कि शहर में पहले से ही संकरी सड़कों और बढ़ते वाहनों के कारण जाम आम समस्या बन चुकी है। ऐसे में किसी भी निर्माण से पहले व्यापक योजना और वैकल्पिक व्यवस्था जरूरी है।

हालांकि, निर्माण कार्य किस विभाग द्वारा और किस उद्देश्य से कराया जा रहा है, इस संबंध में आधिकारिक बयान अभी तक सामने नहीं आया है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि जिला प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेगा और जनहित में उचित निर्णय करेगा, ताकि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
February 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
232425262728