Shivhar: AAP की ‘गारंटी राजनीति’ अब बिहार में भी: 243 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, कहा – ‘कॉपी नहीं, अब ओरिजिनल मैदान में’

Share

शिवहर में AAP कार्यालय का उद्घाटन, प्रदेश प्रवक्ता बोले – जनता बदलाव के मूड में है

बिहार डेस्क, केएमपी भारत, मुजफ्फरपुर

अजय मिलन | शिवहर।
बिहार की सियासत में एक नई गूंज सुनाई दे रही है—”अब आम आदमी पार्टी आएगी, बदलाव लाएगी”। दिल्ली और पंजाब में अपनी सरकार के मॉडल को सफल बताने वाली आम आदमी पार्टी (AAP) अब बिहार की 243 विधानसभा सीटों पर पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी। रविवार को शिवहर के ब्लॉक रोड स्थित पार्टी कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता सह जिला पर्यवेक्षक अखिलेश नारायण ठाकुर ने यह ऐलान किया।

उन्होंने दावा किया कि शिवहर भी पार्टी की रणनीति में अहम भूमिका निभाएगा। यहां से भी पार्टी मजबूत और ईमानदार उम्मीदवार को चुनावी मैदान में उतारेगी।


‘आप’ का दावा – बाकी दल कर रहे हमारी कॉपी, जनता मांगेगी अब ओरिजिनल

प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश ठाकुर ने कहा कि जैसे ही पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बिहार में चुनाव लड़ने और पंजाब मॉडल लागू करने की बात कही, वैसे ही बिहार सरकार ने बिजली पर 125 यूनिट फ्री देने की घोषणा कर दी।

“यह इस बात का प्रमाण है कि आम आदमी पार्टी का मॉडल अब दूसरे दल भी अपनाने लगे हैं। लेकिन जनता जानती है कि असली ओरिजिनल कौन है और फोटो कॉपी कौन।”

उन्होंने कहा कि दिल्ली और पंजाब में AAP ने बिजली-पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिलाओं की फ्री बस सेवा और 2500 रुपये वृद्धा पेंशन जैसी मूलभूत सुविधाएं दीं, जो अब बिहार में लागू करने की तैयारी है।


‘घोषणा पत्र नहीं, यह हमारी गारंटी है’ – बोले प्रवक्ता

उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी चुनावी वादे नहीं, गारंटी देती है।

“आज हम जनता के सामने 15 गारंटी लेकर आए हैं, जिन्हें अगले 5 वर्षों में पूरा करेंगे। यह सिर्फ घोषणा नहीं, ‘पक्की गारंटी’ है, जैसा सिर्फ केजरीवाल दे सकते हैं।”

उन्होंने अन्य राजनीतिक दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अब ‘गारंटी’ शब्द का इस्तेमाल करने लगे हैं, लेकिन उनकी घोषणाएं सिर्फ चुनावी जुमले हैं।


शिवहर में संगठन विस्तार की रणनीति तेज

पार्टी के जिला अध्यक्ष वीर प्रसाद और जिला महासचिव मनोज कुमार चौधरी ने बताया कि जिले में संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत किया जा रहा है।

“जनता का समर्थन मिल रहा है। पार्टी की पदयात्रा में लोगों की भागीदारी से साफ है कि बिहार अब बदलाव चाहता है।”


मौके पर जुटे कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता

पार्टी कार्यालय उद्घाटन के मौके पर जिले और आसपास के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें शामिल थे –

सीतामढ़ी अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मासूम रजा

मुखिया उमेश नारायण साह

जिला प्रवक्ता संजय प्रसाद शास्त्री

जिला कोषाध्यक्ष अरुण कुमार गुप्ता

चंदेश्वर सिंह, हुसैन कवि, बिट्टू कुमार समेत दर्जनों कार्यकर्ता।


AAP की तैयारी पूरी, अब देखना ये है कि जनता कितना साथ देती है

बिहार में आम आदमी पार्टी की एंट्री से चुनावी समीकरणों में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। पार्टी ‘गारंटी मॉडल’ के साथ मैदान में है, अब देखना ये है कि जनता कितना भरोसा जताती है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930