Siwan: लखनऊ-बरौनी एक्सप्रेस में लावारिस बैग से 80 बोतल विदेशी शराब बरामद

Share

सीवान आरपीएफ की CPDS टीम की कार्रवाई, 12 हजार रुपए की शराब उत्पाद विभाग को सौंपी

क्राइम न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l सीवान।

बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून के बीच रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की CPDS टीम ने सीवान रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। यह कार्रवाई शनिवार को गाड़ी संख्या 15204 लखनऊ-बरौनी एक्सप्रेस में विशेष निगरानी अभियान के दौरान की गई। बरामद शराब को उत्पाद विभाग के हवाले कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर गठित CPDS टीम तथा सहायक सुरक्षा आयुक्त छपरा के आदेशानुसार निरीक्षक ट्रेन स्कॉर्ट गोरखपुर और प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ सीवान के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन के कोच संख्या S-1 में संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी के समय शौचालय के पास एक लावारिस पिठ्ठू बैग पड़ा मिला। टीम ने बैग की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब रखी हुई थी।

आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि बैग से कुल 80 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई। इसमें 48 बोतल 8PM स्पेशल ग्रेन व्हिस्की तथा 32 बोतल 8PM ब्लैक प्रीमियम सुपीरियर व्हिस्की शामिल है। सभी बोतलें 180 एमएल की थीं। जब्त शराब की कुल मात्रा 14.400 लीटर आंकी गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपए बताई गई है।

- Sponsored -

कार्रवाई के दौरान किसी व्यक्ति के बैग पर दावा नहीं करने के कारण शराब को लावारिस मानते हुए आरपीएफ ने कब्जे में ले लिया। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई के लिए जब्त शराब को उत्पाद विभाग सीवान को सुपुर्द कर दिया गया। मामले में उत्पाद थाना कांड संख्या 411/26 दर्ज किया गया है। अज्ञात के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

उत्पाद विभाग के सब इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार राय मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि शराब तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की पहचान के लिए ट्रेन में लगे सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

इस अभियान में SIPF अशोक कुमार सिंह, एएसआई शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, कांस्टेबल विजय कुमार यादव, बलवीर सिंह यादव, सुभाष यादव तथा लक्ष्मण यादव की सक्रिय भूमिका रही। आरपीएफ अधिकारियों ने कहा कि ट्रेनों के जरिए शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए आगे भी लगातार विशेष अभियान चलाए जाएंगे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031