RPF–GRP की तत्परता और यात्रियों के सहयोग से सुरक्षित हुआ प्रसव, जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ
डिजिटल डेस्क l केएमपी भारत l पटना
सिवान, संवाददाता।
सिवान रेलवे स्टेशन पर एक महिला ने रविवार को प्लेटफॉर्म पर ही बच्चे को जन्म दिया। उधर मौके पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) के जवानों ने इंसानियत और तत्परता की मिसाल पेश करते हुए त्वरित कार्रवाई कर महिला की मदद की, जिससे जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।
गोरखपुर-आसनसोल एक्सप्रेस से उतरी महिला को अचानक हुई प्रसव पीड़ा
घटना 25 अप्रैल की देर रात की है। गाड़ी संख्या 13508 गोरखपुर-आसनसोल एक्सप्रेस जैसे ही सिवान रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पहुंची, उसी दौरान एक महिला यात्री को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। ट्रेन से उतरते ही आसपास मौजूद यात्रियों ने इसकी सूचना ड्यूटी पर तैनात RPF और GRP जवानों को दी।

सूचना मिलते ही हरकत में आए जवान, तत्काल पहुंचकर संभाली स्थिति
सूचना मिलते ही पाली प्रभारी उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल धर्म प्रकाश मिश्रा, कांस्टेबल सुभाष यादव सहित RPF एवं GRP के उप निरीक्षक सुरेंद्र कुमार भारती और महिला कांस्टेबल तीतोलिमा मौके पर पहुंचे। टीम ने बिना समय गंवाए स्थिति को संभाला और स्टेशन मास्टर कार्यालय से स्ट्रेचर मंगवाया।
महिला यात्रियों की मदद से प्लेटफॉर्म पर ही कराया गया सुरक्षित प्रसव
प्रसव पीड़ा की तीव्रता को देखते हुए महिला को प्लेटफॉर्म नंबर-2 से प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर लाया गया। इस दौरान कुछ महिला यात्रियों को भी सहायता के लिए बुलाया गया। एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही महिला ने प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए भावुक और राहत भरा रहा।

एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया, परिजन को दी गई सूचना
प्रसव के बाद मां और नवजात को तत्काल एंबुलेंस के जरिए सिवान जिला अस्पताल भेजा गया। महिला कांस्टेबल को साथ भेजकर उनकी देखरेख सुनिश्चित की गई। महिला की पहचान रशीदा खातून (पत्नी मोहम्मद नजीर अंसारी) के रूप में हुई, जो बेतिया जिले के मनुआर गांव की रहने वाली हैं। उनके परिजनों को भी तत्काल सूचना दी गई, जिसके बाद उनके जीजा अस्पताल पहुंच गए।
मायके आते वक्त हुआ प्रसव, मदद के लिए जताया आभार
महिला ने बताया कि वह अपने ससुराल बेतिया से मायके सिवान जिले के गोरियाकोठी क्षेत्र आ रही थीं। गोरखपुर से जनरल टिकट लेकर ट्रेन में सवार हुई थीं। सिवान स्टेशन पर उतरते ही प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। उन्होंने RPF और GRP के जवानों तथा सहयोग करने वाले यात्रियों का आभार जताते हुए कहा कि उनकी तत्परता के कारण ही वह और उनका बच्चा सुरक्षित हैं।
मानवीय संवेदना की मिसाल बनी घटना
यह घटना न केवल रेलवे सुरक्षा बल की तत्परता को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि आपात स्थिति में सामूहिक सहयोग से किसी भी चुनौती का सामना किया जा सकता है।






