Siwan: बड़हरिया में करकट नुमा मकान में भीषण आग, नकद समेत 1 लाख से अधिक की संपत्ति जलकर राख

Share

रविवार देर रात लगी आग में बकरी–बकरा की मौत, दो गाय व बछड़ा झुलसे; ग्रामीणों ने सरकार से मुआवजे की मांग की

डिजिटल डेस्क l केएमपी भारत न्यूज़ l पटना

संवाददाता, बड़हरिया (सीवान)

बड़हरिया प्रखंड के सुरहीया वार्ड संख्या 4 में रविवार की देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब करकट से बने एक मकान में अचानक आग भड़क उठी। तेज लपटों ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। अगल-बगल के लोगों ने शोर मचाते हुए पानी और बालू डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक घर के अंदर रखे अधिकांश सामान जल चुके थे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने की इस घटना में करीब 20 हजार रुपये नकद, एक बकरी और एक बकरा जलकर राख हो गया। वहीं दो गाय, एक बछड़ा और एक बकरी का बच्चा गंभीर रूप से झुलस गए। पशुओं को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। घर में रखा चावल, गेहूं, धान, कपड़े और अन्य घरेलू सामान भी पूरी तरह जल गए। घटना में कुल मिलाकर 1 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान आंका गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि रात में सभी लोग सो रहे थे, तभी अचानक मकान से धुआं निकलता दिखाई दिया। जब तक घरवाले और पड़ोसी कुछ समझ पाते, आग फैल चुकी थी। आशंका जताई जा रही है कि आग का कारण शॉर्ट सर्किट या किसी चूल्हे की चिंगारी हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना के बाद सामाजिक कार्यकर्ता रामबाबू यादव, अभय शर्मा, भोज यादव, संतोष पंडित और विपिन शर्मा मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। सभी कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से सरकार से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गरीब परिवार के लिए यह नुकसान बहुत बड़ा है और सरकारी सहायता ही उनके लिए सहारा बन सकती है।

घटना की सूचना प्रशासन को दे दी गई है। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि सरकारी टीम जल्द मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करेगी और परिवार को राहत प्रदान करेगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
March 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031