Siwan News: एम.एच. नगर के सेमरी गांव में टेम्पो-स्कॉर्पियो टक्कर के बाद बवाल, एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण; फायरिंग के आरोप की भी जांच

Share

साइड लेने के विवाद ने लिया हिंसक रूप: स्कॉर्पियो पर पथराव, पुलिसकर्मी घायल


डिजिटल डेस्क l केएमपी भारत l पटना

कृष्ण मुरारी पांडेय। सिवान।

एम.एच. नगर थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में रविवार की शाम एक मामूली सड़क विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। टेम्पो और स्कॉर्पियो के बीच साइड लेने को लेकर हुई टक्कर के बाद शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते पथराव और हंगामे में बदल गई। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर भी असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सिवान पूरन कुमार झा और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को मामले में त्वरित और विधि-सम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 6:30 बजे सेमरी गांव में टेम्पो और स्कॉर्पियो चालक के बीच रास्ता देने को लेकर टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों चालकों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। इसी दौरान टेम्पो चालक के समर्थन में कुछ स्थानीय ग्रामीण एकत्र हो गए और मामला बढ़ता चला गया।

- Sponsored -

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और स्कॉर्पियो पर ईंट-पत्थरों से हमला शुरू कर दिया गया। स्थिति बिगड़ते देख एम.एच. नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने काफी मशक्कत के बाद भीड़ को नियंत्रित किया और माहौल को शांत कराया।

हालांकि, इस दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर भी पथराव किया और उनके कार्य में बाधा डालने की कोशिश की। इस हमले में कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, एम.एच. नगर में भर्ती कर इलाज कराया गया।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि स्कॉर्पियो में सवार चंदन सिंह अपने सहयोगियों के साथ जा रहे थे, जबकि दूसरी ओर भीड़ में डब्लू खान और उनके समर्थकों की सक्रिय भूमिका बताई जा रही है। पुलिस का मानना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से राजनीतिक विवाद चल रहा था, जिसे इस घटना ने और भड़का दिया।

टेम्पो चालक ने आरोप लगाया है कि चंदन सिंह और उसके साथियों ने उस पर फायरिंग भी की है। हालांकि, पुलिस इस दावे की गहन जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है, जबकि पुलिस द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031