बैटरी और स्किल टेस्ट के आधार पर हुआ चयन, कई जिलों से पहुंचे प्रतिभागी; 8 अप्रैल को निशानेबाजी ट्रायल
एजुकेशन डेस्क l केएमपी भारत l पटना
कृष्ण मुरारी पांडेय l सिवान
खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना एवं जिला प्रशासन सिवान के संयुक्त तत्वावधान में मैरवा धाम स्थित पीटीसी खेल मैदान में एकलव्य हैंडबॉल के लिए ट्रायल सह चयन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस ट्रायल में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने कौशल का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का चयन दो चरणों—बैटरी टेस्ट और स्किल टेस्ट—के माध्यम से किया गया। बैटरी टेस्ट में बॉल थ्रो, 10×6 शटल रेस, ब्रॉड जंप, वर्टिकल जंप, 200 मीटर दौड़ के साथ-साथ खिलाड़ियों की लंबाई और वजन का परीक्षण किया गया। वहीं स्किल टेस्ट में बॉल थ्रो और पासिंग स्किल के आधार पर खिलाड़ियों की क्षमता का मूल्यांकन किया गया।
जिला खेल पदाधिकारी उपेंद्र कुमार यादव ने बताया कि ट्रायल में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि चयन पूरी तरह खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा, ताकि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित अवसर मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रशिक्षित कर उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट खिलाड़ी के रूप में तैयार करना है।

ट्रायल के सफल संचालन के लिए राज्य खेल प्राधिकरण से अमित कुमार जायसवाल और शहीद नवैद हसन को प्रतिनियुक्त किया गया था। वहीं जिला स्तर पर आयोजन को सफल बनाने में मनोरंजन कुमार सिंह, अरविंद शंकर, फुलेना यादव, बृजेश कुमार, रमेश कुमार, मनोज कुमार, वाल्मीकि ओझा, रजनीश सिंह, अंकित सिंह और ऋषि सिंह सहित कई पदाधिकारियों और कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस ट्रायल में छपरा, गोपालगंज, मुंगेर और रोहतास जिलों से आए बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान मैदान में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला।
जिला खेल पदाधिकारी ने जानकारी दी कि निशानेबाजी खेल के लिए खिलाड़ियों का चयन 8 अप्रैल को विज्ञानानंद केंद्रीय विद्यालय, चन्नौर में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से निर्धारित समय पर पहुंचकर ट्रायल में भाग लेने की अपील की है।






