Gun Attack: सीवान के गुठनी में तिलक से लौट रहे युवक पर बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, लगी 6 गोलियां

Share

तीन नामजद सहित एक अज्ञात पर केस दर्ज, हालत गंभीर; एफएसएल टीम ने की जांच

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता। गुठनी (सीवान) :

सीवान जिले के गुठनी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात अपराधियों ने तिलक समारोह से लौट रहे एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में युवक को छह गोलियां लगी हैं, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान जतौर गांव निवासी बिधान सिंह के पुत्र सुनील सिंह के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सुनील सिंह शनिवार की रात पचनेरूवा गांव में पशुराम पांडेय के घर आयोजित तिलक समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। देर रात जब वह गुठनी थाना क्षेत्र के चकिया गांव के समीप रेवासी जाने वाले रास्ते पर रेवासी मोड़ के पास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें घेर लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो मोटरसाइकिल पर सवार चार अपराधियों ने सुनील सिंह को रोक लिया और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस घटना से आसपास के लोग सहम गए। गोली लगने के बाद सुनील सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

घायल सुनील सिंह का फर्दबयान गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में गुठनी थानाध्यक्ष सुनील कुमार की मौजूदगी में थाना के एएसआई उपेंद्र यादव ने दर्ज किया। फर्दबयान के आधार पर पुलिस ने गोलू तिवारी (पिता शम्भु तिवारी), बिहारी सिंह (पिता स्व. रामजनम सिंह), अंकित कुमार सिंह (पिता बिहारी सिंह) तथा एक अज्ञात गोरा और लंबा युवक के खिलाफ गुठनी थाना कांड संख्या 92/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

घटना की सूचना मिलने के बाद रविवार को एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। वहीं पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा, एसडीपीओ गौरी कुमारी तथा डीआईयू के विनोद सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली।

थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि घायल के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

,

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031