Siwan: जामापुर बाजार की ज्वेलरी दुकान में दिनदहाड़े लूट, एक बदमाश दबोचा

Share

व्यवसायियों की सतर्कता से पकड़ा गया आरोपी; पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण, चार टीमों की छापेमारी जारी

क्राइम डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l सीवान l जिले के जीरादेई थाना क्षेत्र स्थित जामापुर बाजार में बुधवार दोपहर एक ज्वेलरी दुकान में हथियार के बल पर लूट की बड़ी वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना दोपहर करीब दो बजे की बताई जा रही है, जब कुछ अज्ञात अपराधी दुकान में घुसे और हथियार दिखाकर लूटपाट शुरू कर दी। हालांकि स्थानीय व्यवसायियों और लोगों की तत्परता से एक अपराधी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी भाग निकलने में सफल रहे।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए अपराधी की पहचान गोलु कुमार यादव के रूप में हुई है। वह सिसवन थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव का निवासी बताया गया है। घटना के दौरान उसे चोट लगी, जिसके बाद पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज कराया जा रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर फरार अपराधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

घटनास्थल से मिले कारतूस और खोखा

घटना की सूचना मिलते ही जीरादेई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस को घटनास्थल से एक खाली मैगजीन, एक जिंदा कारतूस तथा दो खोखा बरामद हुए हैं। बरामद सामान को जब्त कर फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि फरार अपराधियों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

एसपी पूरन कुमार झा ने किया निरीक्षण

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने ज्वेलरी दुकान, आसपास के बाजार और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मामले की हर बिंदु से जांच की जाए तथा जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने लूटे गए सामान की बरामदगी को भी प्राथमिकता देने की बात कही।

चार थाना क्षेत्रों में चल रही छापेमारी

फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2, मैरवा के नेतृत्व में चार अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। पुलिस रघुनाथपुर, सिसवन, चौनपुर और अंसाव थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि घटना में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के बाद जामापुर बाजार के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031