14 अप्रैल को रघुबीर सिंह पुस्तकालय में आयोजित होगा भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह
कृष्ण मुरारी पांडेय। सिवान।
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रघुबीर सिंह सेवा संस्थान ट्रस्ट, बंगरा द्वारा एक भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 14 अप्रैल को सुबह 11 बजे रघुबीर सिंह पुस्तकालय सह वाचनालय परिसर में आयोजित होगा, जिसमें माध्यमिक परीक्षा उत्तीर्ण मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए पुस्तकालय सह वाचनालय के अध्यक्ष कुमार आशुतोष ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पहचान देना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम से बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ती है और शिक्षा के प्रति रुचि मजबूत होती है।
अध्यक्ष कुमार आशुतोष ने बताया कि समाज में शिक्षा का स्तर बढ़ाने के लिए इस तरह के आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि मेधावी छात्रों को सम्मानित करने से अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलती है और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रयासरत रहते हैं।

इस कार्यक्रम में क्षेत्र के शिक्षकों, अभिभावकों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति भी रहेगी। आयोजकों ने सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
आयोजन को लेकर गांव में उत्साह का माहौल है और इसे लेकर तैयारियां भी जोरों पर हैं। यह कार्यक्रम निश्चित रूप से क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश देने का कार्य करेगा।






