Muzaffarpur News: अगरतला में नराकास मुजफ्फरपुर को मिला “राजभाषा सम्मान”, शैलेंद्र प्रसाद और अनुप कुमार तिवारी हुए सम्मानित

Share

मुख्य अतिथि अमित शाह बोले – हिंदी प्रशासन और जनता के बीच मजबूत कड़ी, एकता को करती है सुदृढ़


डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l मुजफ्फरपुर

संवाददाता। मुजफ्फरपुर

अगरतला (त्रिपुरा) में आयोजित पूर्व, पूर्वोत्तर, उत्तर-1 एवं उत्तर-2 क्षेत्रों के संयुक्त क्षेत्रीय राजभाषा सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में नराकास मुजफ्फरपुर को “नराकास राजभाषा सम्मान” से सम्मानित किया गया। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित इस गरिमामय समारोह में हिंदी के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए देशभर की विभिन्न इकाइयों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि राजभाषा हिंदी प्रशासनिक कार्यों को आम जनता से जोड़ने का सशक्त माध्यम है और यह देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों और संस्थानों से राजभाषा के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।

इस अवसर पर नराकास मुजफ्फरपुर के अध्यक्ष एवं Bank of India के आंचलिक प्रबंधक शैलेंद्र प्रसाद को राजभाषा के क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्य-निष्पादन, प्रभावी नेतृत्व और महत्वपूर्ण योगदान के लिए “नराकास राजभाषा सम्मान” की शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

वहीं नराकास मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ प्रबंधक एवं सदस्य सचिव अनुप कुमार तिवारी को राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार, प्रशिक्षण कार्यक्रमों के सफल संचालन तथा सरकारी कार्यों में हिंदी के बढ़ते उपयोग को प्रोत्साहित करने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।

यह सम्मान नराकास मुजफ्फरपुर द्वारा हिंदी के संस्थागत उपयोग को बढ़ावा देने, कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने तथा प्रशासनिक कार्यों में हिंदी के प्रभावी प्रयोग सुनिश्चित करने के लिए किए गए उल्लेखनीय प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रदान किया गया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद नराकास मुजफ्फरपुर के अध्यक्ष शैलेंद्र प्रसाद ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है और यह सम्मान केवल नराकास मुजफ्फरपुर ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी हिंदी के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य जारी रहेगा।

सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों से आए वरिष्ठ अधिकारियों, राजभाषा अधिकारियों तथा नराकास प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, नवाचारों और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों पर विस्तार से चर्चा की गई। यह जानकारी नराकास मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ प्रबंधक एवं सदस्य सचिव अनुप कुमार तिवारी ने दी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930