विशेष अभियान में मैरवा से नशा तस्करों पर शिकंजा, बड़हरिया में युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी; पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर जांच तेज करने के दिए निर्देश
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता। सिवान
होली पर्व को लेकर जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिवान पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। मैरवा थाना क्षेत्र में विशेष छापेमारी के दौरान पुलिस ने 4.5 किलोग्राम गांजा और 143 पुड़िया स्मैक बरामद करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 20 फरवरी को ग्राम मिसकरही में की गई, जहां पुलिस को अवैध मादक पदार्थ के भंडारण और बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी।
पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा के निर्देशन में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य जिले में नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाना है। छापेमारी के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राजू अली, नबिबुल्लाह मियाँ और मिथुन राजभर के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से तीन मोबाइल फोन और 6500 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। इस संबंध में मैरवा थाना में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार राजू अली का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है और उसके विरुद्ध पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं। अन्य अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जांच जारी है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे से जुड़े किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि समाज को इस घातक प्रवृत्ति से सुरक्षित रखा जा सके।
इनसेट :
बड़हरिया में लावारिस स्कॉर्पियो के पास युवक का शव मिलने से हड़कंप
पुलिस अधीक्षक ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, एफएसएल टीम जुटी जांच में
सिवान। उधर, बड़हरिया थाना क्षेत्र के ग्राम पनेसरा में शनिवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस को सूचना मिली कि गांव में एक उजले रंग की स्कॉर्पियो लावारिस हालत में खड़ी है और उसके पास एक युवक मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक की पहचान अफसर अली उर्फ पप्पु खान, निवासी पैठान पट्टी, थाना थावे, जिला गोपालगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य एकत्र किए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक और सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि मामले का शीघ्र खुलासा कर दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
प्रारंभिक जांच में घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है और पुलिस हत्या सहित अन्य संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगा।






