Law And Order: होली पर सख्त पहरा: शांति व्यवस्था के लिए प्रशासन अलर्ट; लहरिया कट व अश्लील गीतों पर होगी कार्रवाई

Share

डीएम विवेक रंजन मैत्रेय और एसपी पूरन कुमार झा ने दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता। सिवान

होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। समाहरणालय सभागार में आयोजित संयुक्त ब्रीफिंग में जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय एवं पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि 4 मार्च को मनाए जाने वाले होली पर्व के दौरान विधि व्यवस्था किसी भी हाल में प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी

बैठक में डीएम ने सभी एसडीएम व डीएसपी को निर्देश दिया कि होलिका दहन से जुड़े विवादित स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर वर्तमान स्थिति की जानकारी लें। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और 24 घंटे पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाएगी। रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले बाजारों में अर्ली मॉर्निंग तथा लेट नाइट विशेष गश्ती की व्यवस्था रहेगी।

लहरिया कट और अश्लील गीतों पर सख्ती

एसपी ने स्पष्ट किया कि लहरिया कट चलाने वाले बाइकर्स पर विशेष नजर रखी जाएगी। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। साथ ही टैंपू, ई-रिक्शा या डीजे पर अश्लील गाने बजाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। होली के लोकगीतों की आड़ में अश्लीलता फैलाने पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार वाहन चेकिंग और निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

- Sponsored -

शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन

डीएम ने कहा कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है। पर्व के दौरान चोरी-छिपे शराब बिक्री या सेवन की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाए। मादक पदार्थों के दुरुपयोग पर भी प्रशासन पैनी नजर रखेगा। क्विक प्रिवेंटिव एक्शन के तहत पुलिस को तुरंत हस्तक्षेप करने का निर्देश दिया गया है।

सोशल मीडिया पर पैनी नजर

प्रशासन ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को भी तेज कर दिया है। अफवाह फैलाने या सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने कहा कि किसी भी स्थिति में अफवाहों को फैलने न दिया जाए।

स्वास्थ्य, सफाई और बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश

नगर परिषद को पर्व अवधि में साफ-सफाई की मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। बिजली विभाग को ढीले तारों को दुरुस्त करने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने को कहा गया है। सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया है कि सभी सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित हो तथा सदर अस्पताल में एम्बुलेंस और आवश्यक दवाएं अलर्ट मोड में रहें। होलिका दहन के मद्देनजर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी तैयार रहेंगी।

रिस्पांस टाइम कम रखने पर जोर

जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति में पुलिस-प्रशासन का रिस्पांस टाइम न्यूनतम होना चाहिए। सभी पदाधिकारी अपने ड्यूटी स्थल पर मुस्तैद रहें और बॉडी प्रोटेक्टर व हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।

अंत में डीएम और एसपी ने जिलेवासियों से अपील की कि होली को हर्षोल्लास, आपसी भाईचारे और शालीनता के साथ मनाएं तथा विधि व्यवस्था को अपने हाथ में न लें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए गए हैं।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930