निःशुल्क शिक्षा कार्यक्रम स्थगित कर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन
स्वतंत्रता सेनानी मुंशी की अध्यक्षता में रखा गया दो मिनट का मौन
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
महाराजगंज (सिवान)।
रघुबीर सिंह सेवा संस्थान ट्रस्ट बंगरा परिवार के स्थापना काल से सक्रिय सदस्य रहे स्व. सुशील कुमार सिंह का रविवार तड़के इलाज के क्रम में निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही रघुबीर सिंह स्मृति स्मारक परिवार बंगरा द्वारा संचालित निःशुल्क शिक्षा कार्यक्रम को तत्काल स्थगित कर दिया गया। कार्यक्रम का संचालन रघुबीर सिंह पुस्तकालय सह वाचनालय परिसर में प्रतिदिन किया जाता है।
निधन की सूचना के बाद पुस्तकालय परिसर में शोक सभा आयोजित की गई। जिले के एकमात्र जीवित स्वतंत्रता सेनानी श्री मुंशी की अध्यक्षता में आयोजित शोक सभा में उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सभी ने स्व. सुशील कुमार सिंह के सामाजिक सरोकारों और संस्था के प्रति उनके योगदान को याद किया।

जिला सिवान सह सारण प्रमंडल, बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रवक्ता कुमार राजकपूर टीपू ने कहा कि स्व. सुशील कुमार सिंह पुस्तकालय सह वाचनालय परिवार बंगरा के लिए सदैव अपनी सहभागिता सुनिश्चित करते रहे। संस्था की गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका और सहयोग को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका निधन संस्था परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
शोक सभा में भास्कर कुमार सिंह, शिक्षक जोगेश्वर पाण्डेय, शिक्षिका बबली, खुशी, लक्ष्मी, सुहाना, शिक्षक पीयूष सहित पुस्तकालय में निःशुल्क शिक्षा प्राप्त करने वाले लगभग सभी बच्चे एवं रुद्र कुमार मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
संस्था परिवार ने कहा कि स्व. सुशील कुमार सिंह का योगदान और उनका आत्मीय जुड़ाव हमेशा स्मरणीय रहेगा। उनके निधन से बंगरा के सामाजिक एवं शैक्षणिक परिवार में शोक की लहर है।






