दीप प्रज्ज्वलन के साथ समारोह का शुभारंभ, न्यायिक व्यवस्था सुदृढ़ होने पर जताई संतुष्टि; सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
महाराजगंज। सिवान
महाराजगंज अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय के स्थापना का प्रथम वार्षिकोत्सव बुधवार को न्यायालय परिसर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सीवान के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोतीश कुमार सिंह सहित जिले के अन्य न्यायाधीशों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश मनोज कुमार सिंह, सुभाष कुमार त्रिपाठी, संतोष कुमार, राजेश कुमार द्विवेदी तथा उमाशंकर सिंह सहित सीवान जिला के कई न्यायाधीश उपस्थित रहे। समारोह को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोतीश कुमार सिंह ने कहा कि यह दिन महाराजगंज के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने स्मरण कराया कि पिछले वर्ष 25 फरवरी को उनकी उपस्थिति में इस न्यायालय का उद्घाटन पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश द्वारा किया गया था और आज उसी संस्थान का प्रथम स्थापना दिवस मनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय की स्थापना से न्यायिक मामलों के निष्पादन में काफी सुगमता आई है। पहले जहां लोगों को न्याय के लिए दूर-दराज जाना पड़ता था, वहीं अब स्थानीय स्तर पर ही मामलों की सुनवाई संभव हो रही है। इससे न केवल समय की बचत हो रही है बल्कि वादियों को सुलभ और त्वरित न्याय भी मिल रहा है। उन्होंने स्थानीय न्यायाधीशों की सराहना करते हुए कहा कि वे पूरी तत्परता और निष्पक्षता के साथ मामलों की सुनवाई कर रहे हैं, जिससे न्याय व्यवस्था में लोगों का विश्वास मजबूत हुआ है।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत महाराजगंज के सिविल जज सीनियर डिवीजन हेमंत गुप्ता एवं कंचन यादव ने किया। समारोह की अध्यक्षता अधिवक्ता सुशील कुमार मिश्रा ने की, जबकि मंच संचालन अधिवक्ता पीपी रंजन द्विवेदी द्वारा किया गया।

समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी भव्य आयोजन किया गया, जिसने माहौल को उत्सवमय बना दिया। भोजपुरी जगत के प्रख्यात गायक मनन मधुकर और उनकी टीम ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। होली गीतों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में रंग भर दिए और वातावरण को उल्लासमय बना दिया।
इसके अलावा गिरि द्वारा प्रस्तुत ग़ज़ल को भी खूब सराहा गया और उनके सम्मान में देर तक तालियां गूंजती रहीं। प्रसिद्ध गायिका सपना संगम और ऋतु सिंह की प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में मोहन कुमार पद्माकर, प्रो. सुबोध कुमार सिंह, त्रिपुरारी शरण सिंह, अजय कुमार सिंह, अधिवक्ता दिनेश कुमार सिंह, शशिकांत सिंह, अनिल सिंह, रश्मि सिंह, सौरभ कुमार, सीमा कुमारी, पूर्व न्यायाधीश बृज मोहन सिंह, अधिवक्ता करुणा कांत सिंह, बृज मोहन रस्तोगी, गजेंद्र सिंह, प्रेम नाथ प्रसाद, पूजा कुमारी, प्रवीन मिश्रा, सुप्रिया जायसवाल, रानी जायसवाल, अखिलेंद्र कुमार सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

साथ ही न्यायालय कर्मियों में चंदन कुमार सिंह, रामेश्वर प्रसाद और श्रीकांत प्रसाद सहित अन्य कर्मियों की सक्रिय भागीदारी भी रही।
समारोह का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ, जहां न्याय व्यवस्था को और मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया गया।






