Gayatri Mahyagya: सीवान के सिधवल में चार दिवसीय 108 कुण्डीय ‘राष्ट्रीय शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ’ का शुभारंभ, 11 हजार कन्याओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा

Share

बैंड-बाजे, सुसज्जित घोड़ा और रथ के साथ निकली यात्रा; गायत्री मंत्र और जयघोष से गूंजा पूरा क्षेत्र

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

कृष्ण मुरारी पांडेय l सीवान

सिवान जिले के सिधवल स्थित गायत्री मंदिर परिसर में सोमवार को चार दिवसीय गायत्री माता की प्राण प्रतिष्ठा एवं 108 कुण्डीय “राष्ट्रीय शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ” का भव्य शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत विशाल और भव्य कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें आसपास के पांच गांवों की करीब 11 हजार कन्याओं ने भाग लिया। बैंड-बाजे, सुसज्जित घोड़ा और रथ के साथ निकली यह कलश यात्रा पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बनी रही। https://youtu.be/0skz0J_raOw?si=0vmUPGKX1XOU6r0B

कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालु “गायत्री माता की जय”, “एक बनेंगे नेक बनेंगे”, “हम बदलेंगे युग बदलेगा” और “हम सुधरेंगे युग सुधरेगा” जैसे प्रेरणादायक नारों से पूरे मार्ग को गुंजायमान कर रहे थे। वहीं संगीतमय गायत्री मंत्र के उच्चारण से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, युवतियां और श्रद्धालु शामिल हुए।

- Sponsored -

कलश यात्रा में सिधवल, टिकरी, रेनुआ, प्रतापपुर, पकवलिया सहित आसपास के कई गांवों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। गांव-गांव से आई कन्याओं ने सिर पर कलश लेकर पूरे श्रद्धा और आस्था के साथ यात्रा में भाग लिया। धार्मिक उल्लास और भक्ति के माहौल ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

यह चार दिवसीय आयोजन शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का नेतृत्व रचनात्मक गायत्री युवा मंडल, गायत्री शक्तिपीठ सिधवल सिवान के संयोजक कपिल मुनि पटवा कर रहे हैं। उनके साथ सह संयोजक रमेश शाह, व्यवस्थापक नरेश प्रसाद, संरक्षक शंभू यादव, राजन कुमार, पुष्पा पांडेय तथा मनी देवी पटवा आयोजन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

यह धार्मिक आयोजन 9 मार्च से 12 मार्च 2026 तक चलेगा। कार्यक्रम स्थल गायत्री मंदिर सिधवल में बनाया गया है, जो सिवान जंक्शन से करीब 3 किलोमीटर पश्चिम तथा पकवलिया रेलवे ढाला से लगभग 2 किलोमीटर पश्चिम स्थित है। https://youtu.be/bNM8IkRzOFM?si=uZaGIFbDhHO7WYnI

आयोजकों ने बताया कि वर्तमान समय में विश्व में युद्ध की भयावह परिस्थितियां, पर्यावरण प्रदूषण और विभिन्न सामाजिक चुनौतियों को देखते हुए मानव जाति की सुरक्षा, शांति और समृद्धि के लिए इस महायज्ञ का आयोजन किया गया है। परम पूज्य गुरुदेव वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पं. श्रीराम शर्मा आचार्य और परम वंदनीय माता भगवती देवी शर्मा के सूक्ष्म संरक्षण में शांतिकुंज की टोली द्वारा यह आयोजन संपन्न कराया जा रहा है।

महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसमें संगीतमय प्रवचन, सामूहिक जप, ध्यान, प्रज्ञा योग व्यायाम तथा यज्ञ के ज्ञान-विज्ञान पर विशेष चर्चा होगी। इसके साथ ही देवपूजन, गायत्री पूजन और विभिन्न संस्कार कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

आयोजन के दौरान कार्यकर्ता गोष्ठी, संगठनात्मक बैठक तथा राष्ट्र को समर्थ और सशक्त बनाने के विषय पर विशेष प्रवचन भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त वंदनीय माताजी के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर संकल्प दीप महायज्ञ, अखंड दीप प्रज्ज्वलन और विभिन्न सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

चार दिनों तक चलने वाले इस महायज्ञ का समापन 12 मार्च को पूर्णाहुति के साथ होगा। अंतिम दिन यज्ञ की पूर्णाहुति दी जाएगी और शांतिकुंज की टोली को विदाई दी जाएगी। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार इस महायज्ञ में शामिल होकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930