RPF Action: ट्रेन में छापेमारी: 16 लीटर देसी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Share

आरपीएफ टास्क टीम ने मऊ–छपरा पैसेंजर के कोच से पकड़ा माल, जीआरपी को सौंपा

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

कृष्ण मुरारी पांडेय। सीवान।

रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टास्क टीम ने ट्रेन में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से 16 लीटर देसी शराब बरामद की गई है। बरामद शराब को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी सीवान को सौंप दिया गया है।

आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार सोमवार 9 मार्च 2026 को वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी और सहायक सुरक्षा आयुक्त छपरा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। निरीक्षक सीआईबी छपरा और आरपीएफ पोस्ट सीवान के प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव के निर्देशन में टास्क टीम ने गाड़ी संख्या 55102 मऊ–छपरा पैसेंजर में विशेष निगरानी अभियान चलाया।

मैरवा–जीरादेई के बीच हुई कार्रवाई

अभियान के दौरान मैरवा और जीरादेई स्टेशन के बीच ट्रेन के साधारण कोच संख्या 141065 NE में संदिग्ध गतिविधि देख टीम ने जांच की। इस दौरान दो व्यक्ति प्लास्टिक के झोले में शराब ले जाते पाए गए। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 80 पाउच ‘बंटी बबली लाइम’ ब्रांड की देसी शराब बरामद हुई। प्रत्येक पाउच 200 एमएल का था। इस तरह कुल 16 लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4400 रुपये बताई गई है।

दोनों तस्करों की पहचान

आरपीएफ ने मौके पर ही दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में झगरू महतो (58 वर्ष) शामिल है, जो सीवान जिले के जामो बाजार थाना क्षेत्र के जगरनाथपुर गांव का निवासी है। दूसरा आरोपी दिनेश कुमार (39 वर्ष) है, जो गोपालगंज जिले के बरौली थाना क्षेत्र के नवादा वार्ड-4 का रहने वाला है।

जीआरपी में दर्ज हुआ मामला

कार्रवाई के बाद जब्त शराब और दोनों आरोपियों को अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी सीवान को सौंप दिया गया। इस संबंध में जीआरपी थाने में अपराध संख्या 41/26 दर्ज करते हुए बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इन जवानों ने निभाई अहम भूमिका

इस कार्रवाई में टास्क टीम के सऊनि शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, कांस्टेबल विजय यादव, कांस्टेबल अमरेन्द्र कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल राम सूरत यादव तथा कांस्टेबल शिव अवतार प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि ट्रेनों में अवैध शराब और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
March 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031