BHU VARANASI: आईएफए में रंगारंग विदाई समारोह, छात्रों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

Share

मिस्टर-मिस फेयरवेल समेत कई पुरस्कारों से नवाजे गए विद्यार्थी, भावुक माहौल में दी गई उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं

सेंट्रल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l वाराणसी

कृष्ण मुरारी पांडेय। वाराणसी।

इंस्टीट्यूट ऑफ फाइन आर्ट्स (आईएफए), वाराणसी में शुक्रवार को बी.एफ.ए. एवं एम.एफ.ए. अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के निदेशक डॉ. अवधेश कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर पूरे परिसर में उत्साह, उमंग और भावनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला।

समारोह में अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने अपने कॉलेज जीवन के अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों और साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कई छात्र-छात्राएं भावुक नजर आए और अपने सफर को याद कर आंखें नम हो गईं। वहीं जूनियर विद्यार्थियों ने अपने सीनियर्स के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर माहौल को खुशनुमा बना दिया।

दृश्यकला एवं मंचकला के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नृत्य, संगीत, नाटक और रैम्प वॉक ने दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों के आधार पर विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार भी वितरित किए गए। एम.एफ.ए. वर्ग में सजल कुमार को ‘मिस्टर फेयरवेल 2026’ और बी.एफ.ए. वर्ग में विकास कुमार को यह सम्मान मिला। वहीं एम.एफ.ए. की ऋतुपर्णा मंडल एवं बी.एफ.ए. की नेहरिका प्रधान को ‘मिस फेयरवेल 2026’ चुना गया।

इसके अलावा श्रुति सिंह को सर्वश्रेष्ठ रैम्प वॉक का पुरस्कार दिया गया, जबकि वर्षा सिंह एवं ज्योति सिंह को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति का सम्मान मिला। एम.एफ.ए. के सजल कुमार को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ सीनियर’ का विशेष पुरस्कार भी प्रदान किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निदेशक डॉ. अवधेश कुमार सिंह एवं प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को जीवन के नए चरण में प्रवेश के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संस्थान में अर्जित ज्ञान और अनुभव विद्यार्थियों को भविष्य में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होंगे।

शिक्षकों में श्रीमती अभ्रदिता बनर्जी, विकास सिंह एवं सुश्री विनीता नागर ने भी विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर सुशांत सिंह, धनेश सिंह, उमाशंकर पाठक सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

समारोह के अंत में सभी ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए यादगार पलों को कैमरे में कैद किया। विदाई के इस भावुक लेकिन उल्लासपूर्ण माहौल ने विद्यार्थियों के जीवन में एक नई शुरुआत का संदेश दिया।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930