Lakhisarai: दिल दहला देने वाली वारदात: झाड़ियों से 14 वर्षीय अमन का शव बरामद, गोली लगने की आशंका

Share

दो नाबालिग दोस्त हिरासत में, देसी पिस्टल, जिंदा गोली और खोखा बरामद

बिहार डेस्क केएमपी भारत भागलपुर

लखीसराय | अभिनंदन कुमार
लखीसराय जिले के बड़हिया थाना क्षेत्र अंतर्गत खुटहा गांव स्थित बालकिशन सिंह गंगा घाट के पास शुक्रवार की सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। झाड़ियों से 14 वर्षीय किशोर अमन कुमार का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। अमन खुटहा चेतन टोला निवासी निलेश सिंह उर्फ चुनचुन सिंह का पुत्र था।

घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मृतक के दो नाबालिग दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ में उन्होंने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। घटनास्थल से एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा भी बरामद किया गया है।

गुरुवार से लापता था अमन, शुक्रवार को शव मिला झाड़ियों में
बताया गया कि अमन गुरुवार सुबह करीब 10 बजे से लापता था। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार की सुबह गंगा स्नान को जा रहे ग्रामीणों ने झाड़ियों में कुत्तों को भौंकते देखा। जब वे वहां पहुंचे तो झाड़ियों में अमन का शव पड़ा मिला।

सूचना मिलते ही बड़हिया थानाध्यक्ष ब्रजभूषण सिंह और एसडीपीओ शिवम कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। शव की हालत देखकर अंदेशा जताया जा रहा है कि अमन की गोली लगने से मौत हुई है। सिर में गहरा जख्म था, जबकि शरीर का कुछ हिस्सा जानवरों ने नोंच डाला था।

हथियार दिखाने के दौरान चली गोली, डर से छिपाया शव
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि अमन और उसके दो किशोर दोस्त किसी देसी पिस्टल को चेक कर रहे थे। इसी दौरान गलती से गोली चल गई, जो अमन के सिर में जा लगी। घबराकर दोनों किशोरों ने शव को झाड़ियों में छिपा दिया और चुप्पी साध ली।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
वहीं, मृतक के परिजन इसे हत्या बता रहे हैं। अमन के पिता निलेश सिंह और दादी ने गांव के ही दोनों किशोरों पर जानबूझकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपी अमन से अक्सर जुआ खेलने के लिए पैसे मांगते थे। गुरुवार को भी दोनों ने 2000 रुपये मांगे थे। न मिलने पर अमन की हत्या कर दी गई।

पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930