Truck Hangs On Bridge: मुंगेर में बड़ा हादसा टला: 16 चक्का हाइवा पुल से लटका, दोनों प्रखंडों का संपर्क टूटा

Share

तेज रफ्तार में अचानक ब्रेक लगाने से बिगड़ा संतुलन, चालक को आई झपकी की आशंका; नदी में गिरता तो हो सकती थी बड़ी घटना

बिहार डेस्क l केएमपी भारत l भागलपुर

मुंगेर | संतोष सहाय

मुंगेर जिले के गंगटा–संग्रामपुर रोड स्थित महानायक नदी पर बने पुल पर सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। यहां तेज रफ्तार में दौड़ रहा 16 चक्का हाइवा अचानक पुल से लटक गया। घटना के बाद गंगटा और संग्रामपुर प्रखंडों के बीच आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि, यदि हाइवा उफनती नदी में गिर जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाइवा चालक तेज रफ्तार में पुल पार कर रहा था। अचानक उसने जोरदार ब्रेक लगाया, जिससे गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया। पीछे का हिस्सा पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी की ओर लटक गया। ग्रामीणों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही संग्रामपुर और गंगटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात रोक दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हाइवा को हटाने के लिए क्रेन मंगाई गई है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि चालक को अचानक झपकी आने से यह हादसा हुआ। फिलहाल हाइवा पुल पर खतरनाक स्थिति में लटका हुआ है, जिससे दोनों ओर लंबा जाम लग गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पुल पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पहले भी हादसों का कारण बनी है। उन्होंने प्रशासन से पुल पर स्पीड लिमिट लागू करने और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि हाइवा को सुरक्षित हटाने के बाद ही यातायात बहाल किया जाएगा।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031