EOU Raids update: सीवान के नगर कार्यपालक पदाधिकारी के ठिकानों पर ईओयू की छापेमारी

Share

करोड़ों की अवैध सम्पत्ति अर्जित करने का आरोप, पहले भी दर्ज हो चुका है भ्रष्टाचार का मामला

सेंट्रल डेस्क l केएमपी भारत l पटना

पटना/सीवान। कृष्ण मुरारी पांडेय
बिहार पुलिस मुख्यालय के आर्थिक एवं साईबर अपराध प्रभाग (EOU) ने बुधवार को सीवान में पदस्थापित नगर कार्यपालक पदाधिकारी और पूर्व कार्यपालक अभियंता अनुभूति श्रीवास्तव के तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। श्रीवास्तव पर वैध आय से 71 लाख 1 हजार 908 रुपये अधिक की सम्पत्ति अर्जित करने का आरोप है। यह राशि उनकी वैध आय से लगभग 78.91 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है। https://youtu.be/yhbkP3y_0A4?si=86975Az_SbbJazJj

ईओयू ने सीवान नगर परिषद स्थित कार्यालय व आवास के साथ-साथ उनके पैतृक घर लखनऊ (उत्तर प्रदेश) और पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र स्थित अर्पणा मेंशन अपार्टमेंट में छापेमारी की। इस कार्रवाई के लिए एजेंसी ने पहले अदालत से तलाशी वारंट लिया था। अधिकारियों के अनुसार तलाशी अभियान देर शाम तक जारी रहेगा और इसके बाद विस्तृत विवरण सार्वजनिक किया जाएगा।

पहले भी फंसे हैं भ्रष्टाचार मामले में

अनुभूति श्रीवास्तव पर यह पहली बार कार्रवाई नहीं हुई है। इससे पहले विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने 31 अगस्त 2021 को उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। जांच में पाया गया था कि वर्ष 2013 से 2021 की अवधि में उन्होंने वैध आय से लगभग 1.99 करोड़ रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित की थी, जो उनकी आय का करीब 230 प्रतिशत अधिक था। उस मामले में आरोप पत्र दाखिल हो चुका है और सुनवाई न्यायालय में चल रही है।

निलंबन मुक्त होने के बाद फिर संदेहास्पद गतिविधियाँ

ईओयू अधिकारियों ने बताया कि श्रीवास्तव को पहले मामले में निलंबित किया गया था, लेकिन बाद में बहाल कर दिया गया। बहाली के बाद उन्हें सीवान नगर परिषद में कार्यपालक पदाधिकारी के रूप में पदस्थापित किया गया। इसी बीच एजेंसी को विश्वस्त सूत्रों से जानकारी मिली कि वे दोबारा भ्रष्ट तरीकों से संपत्ति अर्जित कर रहे हैं। तथ्यात्मक जांच और सत्यापन के बाद आर्थिक अपराध थाना में 18 अगस्त 2025 को नया केस दर्ज किया गया और छापेमारी की कार्रवाई शुरू हुई।

- Sponsored -

कई दस्तावेज़ और संपत्ति संबंधी कागजात मिलने की संभावना

अधिकारियों ने संकेत दिया है कि तलाशी में बैंक खाते, निवेश से जुड़े दस्तावेज, अचल संपत्ति के कागजात और अन्य वित्तीय लेनदेन के प्रमाण मिलने की संभावना है। जांच टीम अब तक बरामद वस्तुओं की गणना और दस्तावेजीकरण में जुटी है।

सरकार और पुलिस मुख्यालय की सख्ती

हाल के वर्षों में भ्रष्टाचार के मामलों पर बिहार पुलिस मुख्यालय ने लगातार सख्ती दिखाई है। विशेष निगरानी इकाई और आर्थिक अपराध प्रभाग द्वारा अफसरों व कर्मियों पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है। अनुभूति श्रीवास्तव के मामले को लेकर विभागीय हलकों में एक बार फिर हलचल मच गई है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930