Siwan: वरीय अधिवक्ता सुभाषकर पाण्डेय के निधन पर शिक्षक संघ ने जताया शोक, संघ पदाधिकारियों ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

Share

शिक्षक सेवा सदन में की गई थी शोकसभा आयोजित, सदस्यों ने दिवंगत अधिवक्ता के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से चर्चा की

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

सिवान। बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ की सिवान इकाई द्वारा जिले के वरीय अधिवक्ता सुभाषकर पाण्डेय के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। इस अवसर पर निराला नगर स्थित महेंद्र प्रसाद शाही शिक्षक सेवा सदन में एक शोकसभा का आयोजन किया गया, जिसमें जिला स्तरीय शिक्षक संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दिवंगत अधिवक्ता के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से चर्चा की।

शोकसभा में वक्ताओं ने कहा कि सुभाषकर पाण्डेय न केवल एक कुशल और कर्मठ अधिवक्ता थे, बल्कि वे अधिवक्ता समाज के लिए अभिभावक तुल्य व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते थे। उन्होंने अपने लंबे विधिक जीवन में न्याय, सत्य और मानवीय मूल्यों को सर्वोपरि रखा। सिविल कोर्ट परिसर में वे अपने मृदुल स्वभाव, शांत चित्त और सहयोगी प्रवृत्ति के लिए सर्वविदित थे। विशेष रूप से कनीय अधिवक्ताओं और जरूरतमंद लोगों के प्रति उनका मार्गदर्शन और सहयोग हमेशा याद किया जाएगा।

शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि स्व. पाण्डेय का निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके जाने से न केवल अधिवक्ता समाज, बल्कि शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता और आमजन ने एक सच्चे मार्गदर्शक को खो दिया है। शोकसभा में उपस्थित सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

शोकसभा में प्रधान सचिव रामप्रवेश सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष पंचानंद मिश्र, अध्यक्ष रामेश्वर पाठक, वरीय उपाध्यक्ष फणींद्र मोहन सिन्हा, कार्यकारी प्रधान सचिव विश्वमोहन कुमार सिंह सहित जिला प्रवक्ता कुमार राजकपूर टीपू एवं अन्य शिक्षक साथी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में स्व. सुभाषकर पाण्डेय के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930