Saran: एकमा में बदले समीकरण : पूर्व प्रत्याशी रंजीत सिंह, नगर उपमुख्य पार्षद समेत कई जनप्रतिनिधियों ने महागठबंधन प्रत्याशी श्रीकांत यादव को दिया समर्थन

Share

क्षेत्र में बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी, विकास कार्यों की सराहना करते हुए जताया भरोसा — क्षत्रिय समाज से भी श्रीकांत के पक्ष में मतदान की अपील

बिहार चुनाव डेस्क l केएमपी भारत न्यूज़ l पटना

एकमा (सारण)। संवाददाता – कमल सिंह सेंगर :- विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही एकमा विधानसभा क्षेत्र का सियासी तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार की देर शाम नगर पंचायत एकमा बाजार के नरहनी गांव में आयोजित एक प्रेस वार्ता ने चुनावी समीकरणों में बड़ा बदलाव ला दिया। इस बैठक में 2015 के विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी रहे और रनर-अप रहे रंजीत कुमार सिंह ने मौजूदा विधायक एवं महागठबंधन के राजद प्रत्याशी श्रीकांत यादव को समर्थन देने की घोषणा की। उनके इस निर्णय के साथ ही एकमा के स्थानीय राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

प्रेस वार्ता में रंजीत सिंह के साथ नगर पंचायत के उपमुख्य पार्षद रानू कुमार, पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि रंजीत कुमार सिंह उर्फ युगूल सिंह, वार्ड पार्षद व प्रतिनिधियों में जेपी शर्मा, विजय सिंह, रणजीत सिंह, अमित चौधरी, शैलेंद्र सिंह, अवधेश यादव और रमेश कुमार साह सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। इन सभी ने एक स्वर में श्रीकांत यादव को समर्थन देने और उन्हें पुनः विधानसभा तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

इसी दौरान फतेह बहादुर सिंह, अंगेश्वर तिवारी, पूर्व जिला पार्षद प्रतिनिधि हरेराम यादव, कालू सिंह, राजा सिंह, अहमद अली नेताजी, नोनिया समाज के नेता रवि कुमार महतो समेत कई प्रभावशाली लोगों ने भी महागठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन का ऐलान किया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में श्रीकांत यादव के नेतृत्व में क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, बिजली और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम हुआ है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले कार्यकाल में विकास की यह गति और तेज होगी।

समर्थन मिलने पर विधायक श्रीकांत यादव ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं समर्थकों का अंगवस्त्र और फूलमाला से स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा— “मैंने हमेशा एकमा की जनता का सम्मान किया है और आगे भी सेवक बनकर उनके विकास के लिए समर्पित रहूंगा।”

वहीं पूर्व प्रत्याशी रंजीत कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में एकमा को ऐसे जनप्रतिनिधि की जरूरत है जो समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चले। उन्होंने कहा कि श्रीकांत यादव ने कभी भी जात-पात की राजनीति नहीं की बल्कि सबको सम्मान दिया। उन्होंने क्षेत्र के क्षत्रिय समाज से भी अपील की कि वे विकास और एकता के प्रतीक श्रीकांत यादव के पक्ष में मतदान करें।

प्रेस वार्ता के बाद उपस्थित समर्थकों ने एकजुट होकर यह संकल्प लिया कि आगामी विधानसभा चुनाव में वे पूरी ताकत से महागठबंधन प्रत्याशी श्रीकांत यादव को विजयी बनाएंगे। लोगों ने कहा कि अब चुनाव का मुद्दा जाति या धर्म नहीं बल्कि विकास और क्षेत्र की प्रगति है।

इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, व्यापारी और बुद्धिजीवी भी उपस्थित रहे। सबका मानना था कि श्रीकांत यादव की कार्यशैली और जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता के कारण एकमा में इस बार मुकाबला एकतरफा हो सकता है।


Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031