Saharsa: प्रियंका गांधी का सहरसा में तगड़ा हमला — कहा, “बिहार की सरकार नीतीश से नहीं, दिल्ली से चलती है”

Share

महागठबंधन प्रत्याशी सरिता पासवान के पक्ष में मांगा वोट, महिलाओं से बदलाव की अपील https://youtu.be/PuIsDR8J9H0?si=aOcEQ4T2DemEvu4O

बिहार चुनाव डेस्क l केएमपी भारत न्यूज़ l भागलपुर

सहरसा। संवाददाता – विकाश कुमार:- सोनवर्षा विधानसभा क्षेत्र के हरिवल्लभ उच्च विद्यालय मैदान में सोमवार को कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब बदलाव के मूड में है। वर्षों से राज्य और केंद्र में जो सरकारें रहीं, उन्होंने जनता के भरोसे का सम्मान नहीं किया। प्रियंका गांधी ने कहा कि जनता ने अच्छे दिन और रोजगार के सपनों में भरोसा किया, लेकिन आज हकीकत बिल्कुल उलट है — युवाओं के पास रोजगार नहीं, किसानों को फसल का उचित दाम नहीं मिल रहा है और महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है।

प्रियंका ने कहा कि बिहार में आज की सरकार नीतीश कुमार नहीं चला रहे हैं, बल्कि दिल्ली से नियंत्रित की जा रही है। “बिहार के मुख्यमंत्री का अब खुद के राज्य में कोई सम्मान नहीं बचा है,” उन्होंने कहा। एनडीए पर साजिश के तहत मतदाताओं के अधिकार छीनने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि बिहार के 65 लाख लोगों का नाम मतदाता सूची से हटाया गया है, ताकि साजिश के तहत लोगों के वोट का अधिकार छीना जा सके।

उन्होंने कहा कि बिहार की सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित है। शिक्षा व्यवस्था चरमराई हुई है, स्वास्थ्य सेवा बदहाल है और युवाओं को रोजगार के लिए भटकना पड़ रहा है। “बिहार के युवा अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर हैं, किसान खेतों में संघर्ष कर रहे हैं और महिलाएं महंगाई से त्रस्त हैं,” प्रियंका गांधी ने कहा।

सभा में उन्होंने महिलाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि बदलाव की असली ताकत महिलाओं के हाथों में है। “आप आगे बढ़िए, अपने परिवार और बच्चों के भविष्य के लिए सही निर्णय लीजिए। जब महिलाएं आगे आएंगी, तभी सच्चा बदलाव आएगा,” उन्होंने जोश भरे अंदाज में कहा।

प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस और महागठबंधन जनता की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने काफी संघर्ष झेला है, अब समय है नई सोच और ईमानदार राजनीति का। उन्होंने सोनवर्षा विधानसभा से महागठबंधन प्रत्याशी सरिता पासवान के पक्ष में वोट देने की अपील की और कहा कि “यह चुनाव बिहार के भविष्य का चुनाव है — रोजगार, शिक्षा और सम्मान के लिए वोट दीजिए।”

सभा में भारी भीड़ उमड़ी थी। जनता के बीच जोश देखने लायक था। मंच साझा करते हुए पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने भी केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा, “मेरी लड़ाई कोशी और सीमांचल को देश-दुनिया में नंबर वन बनाने की है। मेरी लड़ाई बेरोजगारी, पलायन और सुदृढ़ शिक्षा के लिए है।”

पप्पू यादव ने लोगों से वादा करते हुए कहा कि आने वाले समय में सोनवर्षाराज को रेलवे नेटवर्क से जोड़ा जाएगा, जिससे कोशी क्षेत्र का विकास तेज़ी से हो सके।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031