Daha River: सिवान में शहर के सौंदर्यीकरण और विकास के लिए दाहा नदी होगी अतिक्रमण मुक्त, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

Share

शहर के सौंदर्यीकरण और विकास के लिए नदी भूमि की अब शुरू होगी मापी, 20 फरवरी तक रिपोर्ट अनिवार्य

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

सिवान। शहर के सौंदर्यीकरण और सुनियोजित विकास की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। दाहा नदी को अतिक्रमण मुक्त कराने को लेकर जिला पदाधिकारी सिवान श्री विवेक रंजन मैत्रेय ने सख्त आदेश जारी किया है। डीएम ने स्पष्ट कहा है कि दाहा नदी की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और चिन्हित अतिक्रमण पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन को यह निर्देश प्रधान सचिव, जल संसाधन विभाग, बिहार, पटना के पत्र के आलोक में जारी किए गए हैं। पत्र में विभागीय तटबंध, नहर, सरकारी आवासीय एवं कार्यालय भवन परिसर, सार्वजनिक जल संचयन स्रोत जैसे पोखरा, तालाब, जलकर, आहर, पईन आदि को अतिक्रमण से मुक्त कराने का अनुरोध किया गया है। इसी क्रम में सिवान शहरी क्षेत्र से गुजरने वाली दाहा नदी की भूमि की मापी कराकर वास्तविक सीमा चिन्हित करने की आवश्यकता बताई गई है।

डीएम के आदेश के अनुसार इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए अपर समाहर्ता, सिवान की अध्यक्षता में एक संयुक्त टीम का गठन किया गया है। टीम में संबंधित अंचल के पदाधिकारी, राजस्व कर्मचारी एवं अंचल अमीन को शामिल किया गया है। सभी सदस्यों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में पड़ने वाली दाहा नदी की भूमि की मापी कर स्पष्ट रूप से चिन्हांकन करें।

इसके साथ ही संबंधित राजस्व कर्मियों एवं अंचल अमीन के सहयोग से माइक्रोप्लान तैयार करने को कहा गया है। तैयार माइक्रोप्लान के आधार पर विस्तृत, तथ्यात्मक और स्पष्ट प्रतिवेदन जिला पदाधिकारी सिवान को 20 फरवरी 2026 तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना होगा। समयसीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

अनुमंडल पदाधिकारी, सिवान सदर को भी इस पूरे अभियान में आवश्यक सहयोग प्रदान करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि मापी और चिन्हांकन के दौरान किसी प्रकार की विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता होगी।

जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सिवान कन्हैया कुमार ने बताया कि दाहा नदी को अतिक्रमण मुक्त कराए जाने से न सिर्फ जल प्रवाह सुचारु होगा, बल्कि शहर के पर्यावरण संरक्षण, जल निकासी और सौंदर्यीकरण को भी मजबूती मिलेगी। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि सार्वजनिक जल स्रोतों को सुरक्षित रखते हुए सिवान शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाया जाए।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
February 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
232425262728