Inter Exam 2026: सिवान में इंटर परीक्षा 2026 को लेकर प्रशासन सख्त

Share

कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन के लिए डीएम–एसपी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

एजुकेशन न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता। सिवान।
इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 (सैद्धांतिक) को कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क और दृढ़ संकल्पित है। इसी क्रम में गुरुवार को समाहरणालय स्थित डॉ. अंबेडकर भवन के संवाद कक्ष में जिलाधिकारी सिवान विवेक रंजन मैत्रेय एवं पुलिस अधीक्षक सिवान पुरन कुमार झा ने संयुक्त रूप से प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, गश्ती दंडाधिकारी, जोनल एवं सुपर जोनल पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

02 फरवरी से 13 फरवरी तक होगी परीक्षा

बैठक में बताया गया कि इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 के सैद्धांतिक विषयों की परीक्षा 02 फरवरी 2026 से 13 फरवरी 2026 तक आयोजित होगी। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली सुबह 9.30 से 12.45 बजे तक एवं द्वितीय पाली दोपहर 2.00 से 5.15 बजे तक चलेगी। प्रथम पाली के परीक्षार्थियों को सुबह 9 बजे तक तथा द्वितीय पाली के परीक्षार्थियों को 1.30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।

जिले में बनाए गए 53 परीक्षा केंद्र

जिले में कुल 53 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के सफल संचालन हेतु विभिन्न जिलास्तरीय पदाधिकारियों को सुपर जोनल, जोनल, स्टैटिक एवं गश्ती दंडाधिकारी के रूप में पुलिस पदाधिकारियों के साथ प्रतिनियुक्त किया गया है।

मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पर पूर्ण प्रतिबंध

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कदाचारमुक्त परीक्षा के आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार एवं अंदर कड़ी निगरानी रहेगी। किसी भी परीक्षार्थी के पास मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पाए जाने पर संबंधित वीक्षक की भी जवाबदेही तय की जाएगी। सभी वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति कंप्यूटरीकृत रेंडमाइजेशन पद्धति से की गई है।

- Sponsored -

बॉडी फ्रिस्किंग और सीसीटीवी से निगरानी

परीक्षार्थियों के परीक्षा भवन में प्रवेश से पूर्व अनिवार्य रूप से बॉडी फ्रिस्किंग कराई जाएगी। परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार एवं संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक कक्षा में एक बेंच पर अधिकतम दो परीक्षार्थी ही बैठेंगे।

सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। परीक्षा अवधि के दौरान जिला साइबर सेल सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखेगा। अफवाह, भ्रामक या गलत सूचना फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

धारा 163 लागू, नियंत्रण कक्ष सक्रिय

परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ और अवांछित तत्वों की आवाजाही रोकने के लिए धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की जाएगी। परीक्षा अवधि में नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या 06154-242000 पर कार्यरत रहेगा। नियंत्रण कक्ष की प्रभारी सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शबनम नाज़नीन होंगी।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नकल करने वाले परीक्षार्थियों, सहयोग करने वाले अभिभावकों एवं कर्मियों पर बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम 1981 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930