निर्वाचन पदाधिकारी रितेश गुप्ता की देखरेख में हुई बैठक, वरिष्ठ नेताओं व सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में हुआ चयन
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
सिवान:
सिवान सदर प्रखंड में जनता दल यूनाइटेड का सांगठनिक चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजित बैठक में प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी रितेश गुप्ता एवं प्रखंड पर्यवेक्षक पदाधिकारी अरस्तु कुशवाहा की मौजूदगी में सभी क्रियाशील सदस्यों ने भाग लिया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान संगठनात्मक एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
बैठक में प्रखंड अध्यक्ष पद के लिए विजय कुमार ठाकुर ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। अन्य किसी प्रत्याशी द्वारा नामांकन नहीं किए जाने के कारण उन्हें सर्वसम्मति से तीसरी बार निर्विरोध प्रखंड अध्यक्ष घोषित किया गया। उनके निर्विरोध निर्वाचन पर उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।
इस मौके पर वरिष्ठ नेता वशिष्ठ नारायण सिंह सहित रविंद्र सिंह, राजेश शाह, अजय भगत, दिनेश पटेल, राजकुमार गौतम उर्फ पप्पू, लियाकत खान, मोहम्मद आजाद खान, शाहिद सहित सैकड़ों क्रियाशील कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना करने और जनसमस्याओं के समाधान हेतु सक्रिय भूमिका निभाने पर भी चर्चा हुई। नव निर्वाचित प्रखंड अध्यक्ष विजय कुमार ठाकुर ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की मजबूती और आम जनता के हितों के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे।
नेताओं ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में प्रखंड इकाई और अधिक सक्रिय होगी तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य तेज गति से किया जाएगा।






