Womens Day: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सिवान में होगा भव्य आयोजन, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया जाएगा सम्मानित

Share

8 मार्च को डॉ. अंबेडकर भवन में होगा कार्यक्रम, महिला जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और शिक्षिकाएं लेंगी हिस्सा

सिवान, संवाददाता।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च 2026 को सिवान समाहरणालय के तत्वावधान में डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन के संवाद कक्ष में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्वाह्न 11 बजे होगा। जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय के निर्देश पर आयोजित इस एक दिवसीय कार्यक्रम में नारी सशक्तिकरण की थीम को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।

कार्यक्रम में जिले की महिला जनप्रतिनिधियों, महिला पदाधिकारियों, महिला पुलिस पदाधिकारियों तथा शिक्षिकाओं की विशेष भागीदारी रहेगी। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में महिलाओं की बढ़ती भूमिका, उनके योगदान और सशक्तिकरण के विभिन्न पहलुओं को रेखांकित किया जाएगा। इसके साथ ही जिले में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया जाएगा।

जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम की सफलता को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार और आयोजन को लेकर कई विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसमें उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस), जीविका के प्रबंधक तथा महिला विकास निगम के जिला प्रबंधक को कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया है, ताकि अधिक से अधिक महिला पदाधिकारी और कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित हो सके।

कार्यक्रम के दौरान जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। इसके लिए जिला पदाधिकारी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया है। इस टीम में अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, स्थापना उप समाहर्ता, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, उपनिदेशक अल्पसंख्यक कल्याण विभाग तथा जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस को शामिल किया गया है। यह टीम सांस्कृतिक कार्यक्रम के संचालन और समन्वय की जिम्मेदारी संभालेगी।

वहीं, कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को सौंपी गई है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी सिवान सदर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिवान के नेतृत्व में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।

- Sponsored -

जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम महिलाओं के सम्मान, उनके सशक्तिकरण और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करने का एक सशक्त मंच साबित होगा। कार्यक्रम में जिले की विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930