Siwan: सिटी मोंटेसरी स्कूल में वार्षिक रिजल्ट घोषित: 1.57 लाख के पुरस्कारों से सम्मानित हुए शिक्षक और छात्र

Share

टॉपर्स को साइकिल, स्टडी टेबल; शिक्षकों को नकद प्रोत्साहन, समर्पण और अनुशासन को मिला बड़ा सम्मान

एजुकेशन न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता। सीवान। शहर के गांधी मैदान स्थित सिटी वेलफेयर सोसाइटी द्वारा संचालित सिटी मोंटेसरी स्कूल में शुक्रवार को शैक्षणिक सत्र 2025-26 का वार्षिक परीक्षाफल उत्साह और गरिमा के साथ घोषित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में छात्रों और शिक्षकों की उपलब्धियों को खुलकर सराहा गया। स्कूल प्रबंधन ने शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन और निरंतर बेहतर प्रदर्शन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कुल ₹1,57,123 की राशि पुरस्कार एवं प्रोत्साहन मद में वितरित की।

शिक्षकों के समर्पण को मिला विशेष सम्मान
कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षकों के सम्मान से हुई। विद्यालय के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शिक्षकों को सिटी वेलफेयर सोसाइटी की ओर से विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया। सर्वश्रेष्ठ शिक्षक के रूप में चयनित टॉप 10 शिक्षकों को ₹25,000 की सम्मान राशि प्रदान की गई, वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप 10 कक्षाध्यापकों को ₹15,000 का पुरस्कार दिया गया।
इसके अलावा, जिन शिक्षकों ने अपनी आकस्मिक अवकाश (C.L.) का संतुलित उपयोग करते हुए निरंतर शिक्षण कार्य जारी रखा, उन्हें ₹77,968 की विशेष प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया। साइंस एग्जीबिशन, हाउस एक्टिविटी और समय पर परीक्षा परिणाम तैयार करने में योगदान देने वाले शिक्षकों को भी नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।

टॉपर्स को मिले आकर्षक उपहार
शिक्षकों के सम्मान के बाद विद्यालय के मेधावी छात्रों की घोषणा की गई। स्कूल टॉपर्स के पुरस्कारों पर कुल ₹25,000 खर्च किए गए।
कक्षा 4B के छात्र अभिनव वर्मा ने 94.30% अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। उन्हें मुख्य अतिथि और प्रधानाचार्य द्वारा साइकिल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
दूसरे स्थान पर कक्षा 8A की छात्रा पलक कुमारी रहीं, जिन्होंने 93.96% अंक प्राप्त किए। उन्हें स्टडी टेबल, कुर्सी, दीवार घड़ी और मोमेंटो प्रदान किया गया।
वहीं तीसरे स्थान पर कक्षा 8A की स्वर्णा कुमारी रहीं, जिन्हें 93.56% अंक के साथ बेड टेबल, इलेक्ट्रिक लैंप, दीवार घड़ी और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

बेहतर शिक्षा और अनुशासन पर जोर
विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक कुमार सिंह ने कहा कि सिटी वेलफेयर सोसाइटी का उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि छात्रों को बेहतर वातावरण और शिक्षकों को उचित सम्मान प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार राशि शिक्षकों की मेहनत, समर्पण और छात्रों की लगन का परिणाम है।
उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों और शिक्षकों को प्रेरित करता रहेगा।

अभिभावकों की मौजूदगी से बढ़ी शोभा
समारोह में वरिष्ठ शिक्षक अरुणेश कुमार दुबे, कुमारी पार्वती कुशवाहा, अनिल कुमार, विनय प्रकाश श्रीवास्तव सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मेधावी छात्रों और समर्पित शिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930