पार्सल घर से लेकर ट्रेनों तक खंगाला गया हर कोना, नहीं मिला कोई संदिग्ध सामान
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
कृष्ण मुरारी पांडेय l सीवान।
यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शनिवार को सीवान जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रशिक्षित श्वान ‘रैंबो’ की मदद से स्टेशन परिसर और ट्रेनों में व्यापक स्तर पर चेकिंग की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चला अभियान
यह विशेष अभियान वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, वाराणसी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक, RPF पोस्ट सीवान के नेतृत्व में संचालित किया गया। टीम में उप निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, विनोद कुमार यादव एवं कांस्टेबल राधेश्याम यादव शामिल रहे, जिन्होंने पूरी मुस्तैदी के साथ चेकिंग अभियान को अंजाम दिया।
स्टेशन के हर महत्वपूर्ण हिस्से की हुई जांच
जांच के दौरान पार्सल घर, बुकिंग हाल, सर्कुलेटिंग एरिया, यात्री प्रतीक्षालय एवं प्लेटफॉर्म जैसे संवेदनशील स्थानों को बारीकी से खंगाला गया। इसके साथ ही गाड़ी संख्या 15707, 15280, 15708, 18182 एवं 15566 में भी सघन जांच की गई, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त, यात्रियों ने ली राहत की सांस
पूरे अभियान के दौरान कहीं भी कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिससे सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली। वहीं, यात्रियों ने भी इस तरह की सतर्कता को सराहा और खुद को सुरक्षित महसूस किया।
RPF अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाते रहेंगे, ताकि रेलवे परिसर को पूरी तरह सुरक्षित रखा जा सके।
इनसेट : आम्रपाली एक्सप्रेस में मोबाइल चोरी, RPF-जीआरपी की तत्परता से आरोपी गिरफ्तार

प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर भागते समय दबोचा गया युवक, चोरी का मोबाइल बरामद
सीवान। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को RPF और GRP की संयुक्त कार्रवाई में एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया गया। घटना सीवान रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 3 की है, जहां आम्रपाली एक्सप्रेस में चोरी कर भाग रहे आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
ट्रेन से मोबाइल चोरी कर भाग रहा था आरोपी
जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 15707 कटिहार-अमृतसर आम्रपाली एक्सप्रेस के सामान्य कोच में यात्रा कर रहे यात्री प्रिन्स कुमार का मोबाइल चोरी कर आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था। तभी निगरानी में तैनात RPF टीम ने उसे पकड़ लिया।
35 हजार का वीवो मोबाइल बरामद
गिरफ्तार युवक की पहचान फैजुला (20 वर्ष), निवासी आसीनगर, थाना नगर, जिला सीवान के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किया गया एक वीवो मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई जा रही है।
पहले भी दर्ज है आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी जीआरपी थाना सीवान में मोबाइल चोरी से जुड़ा मामला दर्ज है। इससे स्पष्ट होता है कि वह पूर्व में भी इस तरह की घटनाओं में संलिप्त रहा है।
मामला दर्ज, जांच जारी
घटना के बाद रेल थाना सीवान में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच उप निरीक्षक संजय कुमार राम द्वारा की जा रही है।
टीम की सतर्कता से मिली सफलता
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, कांस्टेबल विजय कुमार यादव एवं शिव अवतार प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






