Student Protest : एग्जाम दिया, फिर भी ‘अनुपस्थित’! 26 नंबर देकर फेल: सीवान के विद्या भवन महिला कॉलेज में छात्राओं का हंगामा

Share

थर्ड सेमेस्टर मार्कशीट में भारी गड़बड़ी का आरोप; सभी छात्राओं को एक ही विषय में 26 अंक, पुनर्मूल्यांकन की मांग तेज

एजुकेशन डेस्क l केएमपी भारत l पटना

सिवान | परवेज अली

सिवान के विद्या भवन महिला कॉलेज में सोमवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब स्नातक सत्र 2023-27 के थर्ड सेमेस्टर की मार्कशीट में भारी गड़बड़ी सामने आई। नाराज छात्राओं ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और तुरंत सुधार की मांग की।

छात्राओं का आरोप है कि डिजास्टर रिस्क मैनेजमेंट विषय में लगभग सभी को एक समान 26 अंक देकर फेल कर दिया गया है, जो स्पष्ट रूप से मूल्यांकन में गंभीर त्रुटि को दर्शाता है। इससे भी अधिक हैरान करने वाली बात यह है कि कई छात्राओं को परीक्षा में शामिल होने के बावजूद कुछ विषयों में ‘अनुपस्थित’ दर्शा दिया गया है।

प्रदर्शन कर रही छात्राओं—सोनी कुमारी, डब्ली कुमारी, तरन्नुम जहां, लाडली कुमारी, प्रीति कुमारी और खुशी कुमारी—ने बताया कि उन्होंने नियमित रूप से परीक्षा दी थी, लेकिन मार्कशीट में गलत अंक और अनुपस्थिति दर्ज होने से उनका शैक्षणिक भविष्य खतरे में पड़ गया है। छात्राओं ने कहा कि इस संबंध में पहले ही कॉलेज प्रशासन को आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

इस मामले को लेकर छात्राओं ने कॉपियों की दोबारा जांच (री-चेकिंग) की मांग की है, ताकि सही अंक जारी हो सकें और भविष्य में किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके। प्रदर्शन के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के स्थानीय कार्यकर्ता भी छात्राओं के समर्थन में पहुंचे और विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

एबीवीपी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मनोज गुप्ता ने कहा कि यदि समय रहते इस त्रुटि को ठीक नहीं किया गया, तो यह छात्रों के साथ अन्याय होगा। उन्होंने छात्रों से संगठित रहकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का आह्वान किया।

वहीं कॉलेज की ओर से डॉ. पूजा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि यह त्रुटि महाविद्यालय स्तर पर नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय स्तर पर हुई है। उन्होंने बताया कि जिन छात्राओं ने आवेदन दिया है, उनकी शिकायतें विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग को भेज दी गई हैं और जल्द ही समाधान की उम्मीद है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031