आंदर थाना क्षेत्र के हसनपुरवा गांव में महिला की फांसी से मौत के बाद हत्या की आशंका पर भड़के लोग; पुलिस ने पुत्र और पुत्रवधू को हिरासत में लिया, एसपी ने पहुंचकर संभाला मोर्चा
क्राइम न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता l सिवान
सीवान जिले के आंदर थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह एक वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। ग्रामीणों ने महिला की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस कार्रवाई का विरोध किया और पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

मिली जानकारी के अनुसार आंदर थाना क्षेत्र के हसनपुरवा गांव निवासी पनमती देवी, पति कन्हैया यादव की मौत फांसी लगाने से हो गई। घटना की सूचना रविवार की सुबह पुलिस को दी गई। प्रारंभिक सूचना में इसे आत्महत्या बताया गया, लेकिन गांव के लोगों ने महिला की हत्या किए जाने की आशंका जताई। ग्रामीणों का आरोप था कि मृतका के पुत्र एवं पुत्रवधू ने मिलकर उनकी हत्या कर दी है।
सूचना मिलते ही आंदर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस ने मृतका के पुत्र एवं पुत्रवधू को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। बताया गया कि कुछ लोग हिरासत में लिए गए व्यक्तियों को पुलिस के कब्जे से छुड़ाने की कोशिश करने लगे।
स्थिति धीरे-धीरे बेकाबू होती चली गई और उग्र भीड़ ने पुलिस बल पर हमला कर दिया। इस हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। उपद्रवियों ने पुलिस वाहन को भी निशाना बनाया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुई इस घटना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सदर-1, सदर-2, महाराजगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों समेत अतिरिक्त पुलिस बल को घटनास्थल पर भेजा गया। भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचने के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया। पुलिस ने दोनों हिरासत में लिए गए आरोपितों को सुरक्षित अभिरक्षा में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सीवान भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच का निर्देश दिया। साथ ही एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया।

पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले को हर पहलू से जांच रही है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और क्षेत्र में विधि-व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। वहीं पुलिस ने घटना में शामिल उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।






