2 किलोमीटर दौड़ में महिला और पुरुष वर्ग के पांच-पांच विजेताओं को मिला पुरस्कार, योगाभ्यास से दिया गया स्वस्थ जीवन का संदेश
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
कृष्ण मुरारी पांडेय l सीवान
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को शहर के गांधी मैदान में समाजसेवी राजू मारवाड़ी एवं सनातन सेवा संस्थान न्यास के संयुक्त तत्वावधान में दो किलोमीटर की दौड़ प्रतियोगिता एवं योग शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत गांधी मैदान से गोपालगंज मोड़ तक आयोजित दो किलोमीटर की दौड़ प्रतियोगिता से हुई। प्रतिभागियों ने पूरे जोश और अनुशासन के साथ दौड़ में हिस्सा लिया और निर्धारित मार्ग को पूरा करते हुए पुनः गांधी मैदान पहुंचकर दौड़ का समापन किया। आयोजन को सफल एवं सुरक्षित बनाने के लिए यातायात पुलिस की विशेष व्यवस्था की गई थी। साथ ही अनुमंडलाधिकारी के निर्देश पर दंडाधिकारी की भी प्रतिनियुक्ति की गई थी, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सका।
दौड़ प्रतियोगिता में युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों का उत्साह देखने लायक था। प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद महिला एवं पुरुष वर्ग के पांच-पांच प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया गया। विजेताओं को प्रज्ञा प्रवाह के प्रांतीय विमर्श टोली के सदस्य सह हिंदी विभाग के प्रो. डॉ. अशोक प्रियम्बद एवं समाजसेवी पप्पू मारवाड़ी द्वारा पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
इसके बाद गांधी मैदान में सामूहिक योग शिविर का आयोजन हुआ, जिसमें योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योग मुद्राओं, योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। साथ ही योग से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की विस्तार से जानकारी दी गई। आयोजनकर्ताओं ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नियमित योग और व्यायाम अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
भीषण गर्मी को देखते हुए प्रतिभागियों के लिए फल, पानी, बिस्कुट एवं ग्लूकोज जैसे पेय पदार्थों की भी समुचित व्यवस्था की गई थी, ताकि किसी को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस सफल आयोजन में कंप्यूटर वाटिका के उद्यमी राजेश तिवारी, सौरभ कुमार उर्फ सोनल दुबे, अविनाश सिंह, मोहित कुमार, सनातन सेवा संस्थान न्यास के कोषाध्यक्ष राम प्रेम शंकर सिंह, न्यासी अधिवक्ता सुधीर कुमार द्विवेदी, प्रबंध न्यासी अधिवक्ता डॉ. विजय कुमार पांडेय, समाजसेवी निशांत कुमार वर्मा, डॉ. सतीश पांडेय, शेषनाथ मिश्र एवं मनोज पाण्डेय की भूमिका सराहनीय रही।
कार्यक्रम के अंत में समाजसेवी राजू मारवाड़ी एवं पप्पू जी ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं कार्यक्रम का संचालन सनातन सेवा संस्थान के संस्थापक न्यासी सह अधिवक्ता डॉ. विजय कुमार पाण्डेय ने किया। पूरे आयोजन ने यह संदेश दिया कि स्वस्थ शरीर और संतुलित जीवन के लिए योग और नियमित व्यायाम आज की आवश्यकता है।






