जर्जर सड़क निर्माण, सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने और धार्मिक स्थलों को पर्यटन स्थल घोषित करने की उठाई मांग
पॉलिटिकल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता l सिवान
सीवान जिले के बडहरिया क्षेत्र से जुड़े जनहित के विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अनुरंजन मिश्रा ने पटना में अलग-अलग विभागों के मंत्रियों से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा। उन्होंने सड़क, अतिक्रमण और पर्यटन विकास जैसे अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की।
सबसे पहले अनुरंजन मिश्रा ने ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यालय कक्ष में ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बडहरिया बाजार को जोड़ने वाली परमा मोड़ से बहादुरपुर बाजार तक की ग्रामीण सड़क की बदहाल स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि यह सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, जिससे आए दिन राहगीरों के गिरने और दुर्घटनाओं की घटनाएं होती रहती हैं। खासकर स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मंत्री से इस सड़क का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की, ताकि आम लोगों को बडहरिया बाजार आने-जाने में सुविधा मिल सके।
इसके बाद उन्होंने पथ निर्माण विभाग के कार्यालय में पथ निर्माण मंत्री शैलेन्द्र कुमार से मुलाकात कर एक और महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया। अनुरंजन मिश्रा ने बताया कि बडहरिया थाना के पास बडहरिया-बरौली मुख्य मार्ग से सटी पथ निर्माण विभाग की लगभग तीन बीघा जमीन अतिक्रमण की चपेट में है। आरोप लगाया कि कुछ दबंग व्यक्तियों ने वहां गुमटियां रखकर अवैध रूप से कब्जा कर रखा है और किराया वसूली कर रहे हैं। उन्होंने मंत्री से अविलंब अतिक्रमण हटवाकर उस जमीन पर एक व्यवस्थित कॉम्प्लेक्स निर्माण कराने की मांग की।
इसके बाद अनुरंजन मिश्रा ने पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता से मिलकर बडहरिया के दो प्रमुख धार्मिक स्थलों को पर्यटन स्थल घोषित करने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि बडहरिया स्थित यमुना गढ़ देवी मंदिर और राम जानकी मठ में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए पहुंचते हैं। यहां शादी-विवाह जैसे धार्मिक आयोजन भी नियमित रूप से होते हैं। खासकर रामजानकी मठ करीब 12 बीघा क्षेत्र में फैला हुआ है, जिसे विकसित कर पर्यटन के नक्शे पर लाया जा सकता है।
अनुरंजन मिश्रा ने कहा कि वे लगातार बडहरिया के विकास और जनहित के मुद्दों को सरकार और संबंधित विभागों के समक्ष उठा रहे हैं, ताकि क्षेत्र की समस्याओं का समाधान हो सके और आम लोगों को इसका लाभ मिल सके।






