Electricity Issue: दो हफ्ते से बिजली संकट में जी रहा मोहिउद्दीनपुर का वार्ड नंबर-2, तारों में बार-बार लग रही आग, रातें अंधेरे में गुजर रहीं

Share

दुर्गा मंदिर के पास स्थित ट्रांसफार्मर से लगातार बाधित हो रही विद्युत आपूर्ति

स्थानीय लोगों ने विभाग से तत्काल स्थायी समाधान की मांग उठाई

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l सिवान

मोहिउद्दीनपुर के वार्ड नंबर-2 स्थित दुर्गा मंदिर के पास पिछले करीब दो सप्ताह से बिजली आपूर्ति की गंभीर समस्या बनी हुई है। लगातार बाधित हो रही बिजली और तारों में बार-बार आग लगने की घटनाओं ने इलाके के लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या के कारण दिन और रात दोनों समय सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है। गर्मी और उमस के बीच बिजली संकट ने लोगों को बेहाल कर दिया है।

ग्रामीणों के अनुसार, इलाके में पिछले दो सप्ताह से बिजली से संबंधित मरम्मत और सुधार कार्य चल रहा है, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। लोगों का आरोप है कि जब भी बिजली आपूर्ति बहाल की जाती है, कुछ ही देर बाद किसी न किसी जगह तारों में आग लग जाती है। इसके बाद एहतियातन बिजली काट दी जाती है और कई-कई घंटों तक आपूर्ति बंद रहती है।

स्थानीय निवासी संजय यादव, गोविंद चौबे, दीपक जायसवाल, जितेश कुमार शाह, श्री राम शाह, मोहम्मद मुन्ना शेख, महेश शाह, मनक शाह और मुन्ना गुप्ता ने बताया कि दिन में बिजली विभाग के काम के कारण सप्लाई बंद रहती है, जबकि शाम में बिजली आती भी है तो मुश्किल से आधे घंटे के भीतर तार में आग लगने की वजह से फिर कट जाती है। इसके बाद पूरी रात मोहल्ला अंधेरे में डूबा रहता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली की अनियमितता से घरेलू कामकाज, बच्चों की पढ़ाई और व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। रात में अंधेरा रहने से सुरक्षा को लेकर भी लोगों में चिंता बनी हुई है। लोगों ने बताया कि कई बार विभाग को इसकी सूचना दी गई, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मांग की है कि पूरे लाइन सिस्टम की जांच कर जर्जर तारों को बदला जाए और समस्या का जल्द से जल्द स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि वार्ड नंबर-2 के लोगों को इस लगातार हो रही परेशानी से राहत मिल सके। फिलहाल क्षेत्र की जनता विभागीय कार्रवाई का इंतजार कर रही है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031