NEET 2026: दूसरे प्रयास में बदली किस्मत: सिटी मांटेसरी स्कूल की पूर्व छात्रा सीवान की आकांक्षा ने NEET में हासिल की शानदार सफलता, अब डॉक्टर बनने का सपना होगा साकार

Share

पहले प्रयास में नहीं मिली मनचाही रैंक, हार नहीं मानी; 509 से 593 अंक तक पहुंचकर करीब 12 हजार रैंक हासिल की, स्कूल ने किया सम्मानित

एजुकेशन न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l सीवान।

मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास के दम पर सफलता की नई इबारत लिखते हुए शहर के हॉस्पिटल रोड निवासी सुनील कुमार एवं नमिता अग्रवाल की पुत्री तथा सिटी मांटेसरी स्कूल की पूर्व छात्रा आकांक्षा कुमारी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में शानदार सफलता हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है। दूसरे प्रयास में 593 अंक और करीब 12 हजार रैंक प्राप्त कर आकांक्षा ने मेडिकल कॉलेज में प्रवेश का रास्ता लगभग तय कर लिया है। उनकी सफलता से परिवार, विद्यालय और शहर में खुशी का माहौल है।

आकांक्षा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सिटी मांटेसरी स्कूल, सीवान से प्राप्त की। बचपन से ही उनका सपना डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना था। इसी लक्ष्य को सामने रखते हुए उन्होंने लगातार पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित किया। वर्ष 2023 में उन्होंने दसवीं और वर्ष 2025 में बारहवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने पूरी तरह मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी।

पहले प्रयास में आकांक्षा को 509 अंक मिले और उनकी ऑल इंडिया रैंक करीब 42 हजार रही। यह परिणाम उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं था। हालांकि उन्होंने निराश होने के बजाय अपनी कमजोरियों का विश्लेषण किया और नए उत्साह के साथ दोबारा तैयारी शुरू की। नियमित अध्ययन, अनुशासित दिनचर्या और लगातार अभ्यास का परिणाम यह रहा कि दूसरे प्रयास में उन्होंने 593 अंक हासिल कर लगभग 12 हजारवीं रैंक प्राप्त की। इस उपलब्धि के साथ उनका डॉक्टर बनने का सपना अब साकार होने की ओर बढ़ गया है।

आकांक्षा की सफलता पर सिटी मांटेसरी स्कूल के प्राचार्य अशोक कुमार सिंह ने विद्यालय में आयोजित एक सम्मान समारोह में उन्हें मेडल, मोमेंटो, कॉपी और कलम भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आकांक्षा की उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी कि लगातार मेहनत और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

अपनी सफलता का श्रेय आकांक्षा ने अपने माता-पिता, बहन, दादा-दादी, ऑनलाइन शिक्षकों तथा सिटी मांटेसरी स्कूल के प्राचार्य अशोक कुमार सिंह सहित सभी गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार का विश्वास और शिक्षकों का मार्गदर्शन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा।

इस अवसर पर विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका कुमारी पार्वती कुशवाहा सहित विनय श्रीवास्तव, अरुणेश कुमार दुबे, संजय श्रीवास्तव, श्रीराम शाह, पीयूष प्रियंक एवं अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने आकांक्षा को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि आकांक्षा आगे भी इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगी और समाज के लिए प्रेरणा बनेंगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031