Siwan News: भाजपा कार्यालय में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का भव्य स्वागत, बोले- कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत

Share

सिवान में पहली बार जिला कार्यालय पहुंचे शिक्षा मंत्री ने कार्यकर्ताओं से किया सीधा संवाद; आधुनिक शिक्षा, शिक्षक बहाली और AI आधारित व्यवस्था पर सरकार की प्राथमिकताएं गिनाईं

पॉलिटिकल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l सिवान।

बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के सिवान भाजपा जिला कार्यालय में प्रथम आगमन पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करते हुए पार्टी की नीतियों, सरकार की उपलब्धियों और शिक्षा व्यवस्था में किए जा रहे बदलावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा में एक सामान्य कार्यकर्ता को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।

कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अमर शहीद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर की। इसके बाद सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा सिवान जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने की, जबकि मंच संचालन जिला महामंत्री राजेश श्रीवास्तव ने किया।

पार्टी ने सामान्य कार्यकर्ता को दिया बड़ा अवसर

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। यहां समर्पित कार्यकर्ता की मेहनत और निष्ठा को सम्मान मिलता है। उन्होंने कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में पार्टी ने उन्हें विधानसभा एवं लोकसभा का टिकट देकर सम्मानित किया और बिहार में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार में शिक्षा मंत्री जैसे महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने और पार्टी के निर्णयों को शत-प्रतिशत धरातल पर उतारने का आह्वान किया।

- Sponsored -

शिक्षक बहाली से लेकर AI तक पर जोर

मिथिलेश तिवारी ने कहा कि बिहार के शिक्षित युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। बीपीएससी के माध्यम से बहाली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। विद्यार्थियों और अभिभावकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की पूछताछ एवं शिकायत निवारण व्यवस्था को भी बेहतर बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि इंटरमीडिएट काउंसिल कार्यालय में विद्यार्थियों और अभिभावकों की सुविधा के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया गया है। शनिवार को हाफ-डे स्कूल की व्यवस्था से शिक्षकों और विद्यार्थियों को सुविधा मिलेगी।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि विद्यालयों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अनुरूप अपडेट और अपग्रेड किया जा रहा है। प्रयोगशालाओं को आधुनिक उपकरणों से लैस करने, विद्यालयों में प्रेरक चित्र एवं स्लोगन लगाने, भवनों की मरम्मत और रंग-रोगन कराने पर भी जोर दिया जा रहा है। तकनीकी युग में बिहार के विद्यार्थी पीछे न रहें, इसके लिए शिक्षा व्यवस्था में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी आधुनिक तकनीकों को शामिल करने की दिशा में भी काम हो रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल स्कूलों में आधारभूत सुविधाएं बढ़ाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और रोजगारपरक शिक्षा देना है, ताकि बिहार के युवा देश-दुनिया में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकें।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में पूर्व एमएलसी मनोज कुमार सिंह, नन्दप्रसाद चौहान, मुकेश कुमार बंटी, राजीव कुमार सिंह उर्फ बिट्टू सिंह, अभिमन्यु कुमार सिंह, लाल बाबू कुशवाहा, हरेंद्र सिंह कुशवाहा एवं प्रदीप कुमार रोज सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31