Independence Day: महराजगंज के लाल ने हिमाचल में रचा इतिहास: 51 की उम्र में डॉ. धनंजय दुबे ने 6111 मीटर ऊंचे माउंट यूनम पर फहराया तिरंगा

Share

देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद को समर्पित की अपनी सफलता, युवाओं को दिया नशामुक्ति और स्वस्थ जीवन का संदेश।

महराजगंज के डॉ. धनंजय दुबे ने पांच सदस्यीय टीम के साथ हासिल की कामयाबी

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

सीवान/महराजगंज। उम्र महज एक नंबर है और यदि हौसला व जज्बा हो तो कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

इस बात को सच कर दिखाया है महराजगंज अनुमंडल के कोथुआ सारंगपुर गांव निवासी 51 वर्षीय सुप्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य डॉ. धनंजय दुबे ने। स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर उन्होंने हिमाचल प्रदेश के लाहौल क्षेत्र की चंद्रभागा रेंज में स्थित 6111 मीटर ऊंचे माउंट यूनम पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर तिरंगा फहराया।

डॉ. दुबे ने यह उपलब्धि अपनी पांच सदस्यीय पर्वतारोहण टीम के साथ हासिल की। दुर्गम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच चोटी पर पहुंचकर तिरंगा फहराना उनके लिए ही नहीं, बल्कि सीवान और पूरे बिहार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि को सीवान की माटी के लाल और भारत के प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद को समर्पित किया।

- Sponsored -

युवाओं को दिया नशे से दूर रहने का संदेश

पर्वतारोहण के बाद डॉ. दुबे ने युवाओं के नाम संदेश जारी करते हुए कहा कि युवा अपनी ऊर्जा को देश और समाज के हित में लगाएं। उन्होंने युवाओं से बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने, अच्छी शिक्षा हासिल करने और नशे से पूरी तरह दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्वतारोहण का उद्देश्य केवल साहसिक उपलब्धि हासिल करना नहीं, बल्कि युवाओं के लिए स्वस्थ और सकारात्मक प्रेरणा बनना भी है।

डॉ. दुबे के अनुसार अनुशासन, साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर कठिन से कठिन लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनका कहना है कि समाज और युवाओं को सही दिशा दिखाने के लिए किसी भी उम्र में प्रेरणास्रोत बना जा सकता है। इसके लिए उम्र कभी बाधा नहीं बनती।

ज्योतिषाचार्य के साथ प्रशिक्षित पर्वतारोही भी

डॉ. धनंजय दुबे की पहचान एक प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य के रूप में रही है, लेकिन वे प्रशिक्षित पर्वतारोही भी हैं। उन्होंने देश के प्रतिष्ठित नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) से पर्वतारोहण का विधिवत प्रशिक्षण प्राप्त किया है। प्रशिक्षण के दौरान हासिल अनुभव और निरंतर अभ्यास ने उन्हें इस चुनौतीपूर्ण अभियान के लिए तैयार किया।

पर्यावरण के प्रति भी रखते हैं विशेष लगाव

पर्यावरण संरक्षण और साहसिक गतिविधियों के क्षेत्र में डॉ. दुबे पहले भी सक्रिय रहे हैं। मुरादाबाद में माउंटेनियर रवि कुमार फाउंडेशन ऑफ इंडिया (MRFI) की ओर से इंटरनेशनल माउंटेन दिवस के अवसर पर उन्हें पर्यावरण के प्रति जागरूकता और योगदान के लिए सम्मानित किया जा चुका है।

51 वर्ष की उम्र में 6111 मीटर की ऊंचाई पर तिरंगा फहराकर डॉ. दुबे ने युवाओं के साथ-साथ पूरे बिहार को संदेश दिया है कि सपनों को पूरा करने की कोई उम्र नहीं होती। उनकी सफलता से महराजगंज और सीवान क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031