Siwan Crime: दरौली थाना क्षेत्र के टड़वा चट्टी पर दिनदहाड़े ज्वेलर्स में लूट की कोशिश, स्वर्ण व्यवसायी को मारी गोली

Share

दुकानदारों और ग्रामीणों ने घेरकर दो बदमाशों को पकड़ा, तीन फायरिंग करते हुए बाइक से भागे

आक्रोशित ग्रामीणों ने गुठनी-दरौली मुख्य मार्ग किया जाम

क्राइम न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l दरौली/सीवान |

दरौली थाना क्षेत्र के टड़वा चट्टी पर मंगलवार दोपहर हथियारबंद अपराधियों ने धीरज ज्वेलर्स में लूट की कोशिश की। विरोध करने पर अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी दिलीप वर्मा को गोली मार दी। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए बदमाशों की घेराबंदी कर दो अपराधियों को पकड़ लिया। वहीं तीन अपराधी फायरिंग करते हुए बाइक से फरार हो गए।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल व्यवसायी को तत्काल दरौली पीएचसी ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज लेकर चले गए।

- Sponsored -

दो बाइक से पहुंचे थे पांच हथियारबंद अपराधी

ग्रामीणों के अनुसार, दो बाइक पर सवार पांच हथियारबंद अपराधी टड़वा चट्टी स्थित धीरज ज्वेलर्स के सामने पहुंचे। इसके बाद सभी दुकान में घुस गए। बदमाशों ने सबसे पहले व्यवसायी के गले से सोने की चेन खींच ली और फिर दुकान में रखे आभूषणों को तलाशने लगे।

इसी दौरान दिलीप वर्मा ने एक अपराधी को पकड़ लिया। साथी को पकड़ता देख बदमाशों ने गोली चला दी। गोली लगने के बाद भी व्यवसायी ने विरोध किया। बताया जा रहा है कि पकड़े गए अपराधी ने चाकू से व्यवसायी पर हमला कर खुद को छुड़ा लिया।

शोर सुनकर जुटे दुकानदार, दो अपराधी पकड़े गए

गोली चलने की आवाज और शोर सुनकर आसपास के दुकानदार तथा ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तत्काल बदमाशों को चारों तरफ से घेर लिया। इसी दौरान दो अपराधी ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गए। तीन अन्य अपराधी फायरिंग करते हुए बाइक से मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही दरौली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस उनसे पूछताछ कर फरार अपराधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

फरार अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग, सड़क पर उतरे ग्रामीण

पकड़े गए आरोपियों से फरार तीन अपराधियों के संबंध में तत्काल जानकारी नहीं मिलने पर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने गुठनी-दरौली मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान भारत सोनी ने सदर डीएसपी के साथ गुठनी और मैरवा थाने की पुलिस को मौके पर भेजा। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर सड़क जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। इधर, पुलिस फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। घटना के बाद टड़वा चट्टी और आसपास के बाजार में दहशत का माहौल है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930