डिवाइन कॉलेज ऑफ फार्मेसी में विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर
पोस्टर प्रेजेंटेशन से लेकर नुक्कड़ नाटक और क्विज तक का आयोजन
बिहार फार्मेसी काउंसिल के उपाध्यक्ष सतीश शंकर पाठक रहे मुख्य अतिथि
हेल्थ न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता l जीरादेई (सिवान)।
सिवान जिले के जीरादेई स्थित डिवाइन कॉलेज ऑफ फार्मेसी में विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर भव्य एवं विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फार्मेसी के क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं, जन-जागरूकता और समाज के प्रति फार्मासिस्टों की जिम्मेदारी एवं महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा की गई। पूरे आयोजन के दौरान कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में बिहार फार्मेसी काउंसिल के उपाध्यक्ष सतीश शंकर पाठक मुख्य अतिथि के रूप में पूरे दिन कॉलेज परिसर में मौजूद रहे। वहीं डिवाइन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन सुभाष चंद्र प्रसाद, डिवाइन कॉलेज ऑफ फार्मेसी के प्राचार्य डॉ. शम्बादित्य गोस्वामी तथा एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर शशि कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में दिखाई रचनात्मकता
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि, अतिथिगण एवं शिक्षकगण के संबोधन से हुई। वक्ताओं ने फार्मासिस्टों की भूमिका, दवाओं के सुरक्षित एवं उचित उपयोग तथा स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने में फार्मेसी क्षेत्र के महत्व पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों को फार्मेसी के क्षेत्र में निरंतर सीखने, शोध एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके बाद विद्यार्थियों के लिए विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें पोस्टर प्रेजेंटेशन, साइटून (Scitoon), लीफलेट प्रेजेंटेशन, नुक्कड़ नाटक, रील मेकिंग प्रेजेंटेशन एवं क्विज प्रतियोगिता प्रमुख रहीं। विद्यार्थियों ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
नुक्कड़ नाटक और रील मेकिंग ने किया आकर्षित
प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों ने फार्मेसी और स्वास्थ्य से जुड़े विषयों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया। पोस्टर और लीफलेट के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति एवं जागरूकता संबंधी संदेशों को प्रभावी ढंग से सामने रखा। वहीं नुक्कड़ नाटक और रील मेकिंग के माध्यम से विद्यार्थियों ने नए और आकर्षक अंदाज में अपने विचार प्रस्तुत किए। क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने विषयगत ज्ञान और आत्मविश्वास का परिचय दिया।
कई दिनों से चल रही थी तैयारी
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कॉलेज के शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं स्टाफ पिछले कई दिनों से तैयारियों में जुटे हुए थे। सभी ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी लगन और मेहनत के साथ किया। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में सीखने के साथ-साथ अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उत्साह नजर आया।
विश्व फार्मासिस्ट दिवस के इस आयोजन ने विद्यार्थियों को फार्मेसी के व्यावसायिक एवं सामाजिक पक्ष को समझने का अवसर दिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने ज्ञान, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और टीम भावना का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन से कॉलेज परिसर में उत्साह का माहौल रहा और विद्यार्थियों के लिए यह आयोजन यादगार बन गया।






