सेवा कार्य एवं संकल्प कार्यक्रम के तहत बड़हरिया क्षेत्र के विद्यालयों में आयोजन
भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनुरंजन मिश्रा ने किया पुरस्कार वितरण
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता l बड़हरिया (सीवान)।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्य एवं संकल्प कार्यक्रम के निमित्त बड़हरिया क्षेत्र के राजकीय मध्य विद्यालय वावु हाता, नरहरपुर में विद्यालय स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कल्पनाशीलता को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने स्वच्छता, देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा जिलाउपाध्यक्ष अनुरंजन मिश्रा शामिल हुए। उन्होंने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों द्वारा बनाए गए चित्रों का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता की सराहना की।

पुरस्कार वितरण के दौरान अनुरंजन मिश्रा ने कहा कि नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से बच्चों को प्रेरणा लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जीवन के विभिन्न पहलुओं को समझकर विद्यालय के भैया-बहनों ने चित्रों के माध्यम से अपनी भावनाओं को व्यक्त किया है। किसी विद्यार्थी ने स्वच्छता का संदेश दिया तो किसी ने देशभक्तों और राष्ट्रप्रेम से जुड़े चित्र बनाए।
उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन और सार्वजनिक सफर से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी बच्चों तक पहुंचाना इस तरह के आयोजनों का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। चित्रकला के माध्यम से बच्चों को स्वच्छता, देशभक्ति, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया जा सकता है।
मिश्रा ने कहा कि सामान्य पृष्ठभूमि से निकलकर नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक का सफर तय किया है। उनके अनुसार, बच्चों को उनके जीवन के संघर्ष और सार्वजनिक जीवन के विभिन्न पड़ावों के बारे में जानकारी लेकर अपने जीवन में मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण जैसे गुण अपनाने चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने अपनी पसंद के विषयों पर रंग-बिरंगे चित्र बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए अतिथियों और शिक्षकों ने उनके प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा अन्य बच्चों को भी भविष्य में ऐसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर पीएम श्री विद्यालय भुवनेश्वर फतेह आलम वावुहाता के प्रधानाध्यापक आश मोहम्मद बैठा ने भाजपा जिलाउपाध्यक्ष अनुरंजन मिश्रा को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। वहीं शिक्षक अनिल सिंह ने बुके देकर उनका स्वागत किया। नरहरपुर विद्यालय के प्राचार्य हरेन्द्र पंडित ने भी अनुरंजन मिश्रा को सम्मानित किया।






