मुंगेर में कब्रिस्तान घेराबंदी को लेकर बवाल: फायरिंग-पथराव में एक को गोली, 20 गिरफ्तार

Share

सेंट्रल डेस्क l केएमपी भारत l भागलपुर

मुंगेर | कब्रिस्तान की घेराबंदी को लेकर शनिवार की सुबह दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि फायरिंग और पथराव शुरू हो गया। गोलीबारी में गंगा स्नान कर लौट रहे अंकुश कुमार घायल हो गए। उनके पैर में गोली लगी है। वहीं पथराव से आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।

इलाके में तनाव, पुलिस छावनी में तब्दील

घटना मुंगेर के सफियासराय थाना क्षेत्र के फरदा गांव की है। विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचा। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर इलाके को छावनी में बदल दिया गया। हालात पर काबू पाने के लिए एसपी सैयद इमरान मसूद खुद घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं।

कब्रिस्तान की जमीन पर बढ़ा विवाद

जानकारी के मुताबिक, कब्रिस्तान की जमीन की घेराबंदी को लेकर दो गुटों के बीच विवाद लंबे समय से चल रहा था। शनिवार की सुबह इसी मुद्दे पर टकराव हो गया। गाली-गलौज के बीच दोनों ओर से पथराव शुरू हुआ और स्थिति बिगड़ते ही फायरिंग तक हो गई। इस दौरान अंकुश कुमार चपेट में आ गए। उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

20 लोग गिरफ्तार, छापेमारी जारी

पुलिस ने घटनास्थल से दोनों पक्षों के करीब 20 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज के आधार पर और लोगों की पहचान की जा रही है। दोषियों को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

जिला प्रशासन और पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और इलाके में शांति बहाली की कोशिशें जारी हैं।

- Sponsored -

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31