प्रवक्ता, रिसर्चर और मीडिया पैनलिस्ट बन कांग्रेस की राजनीति में पहचान बनाने का युवाओं के लिए मौका
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
गणेश प्रसाद। औरंगाबाद।
राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए कांग्रेस पार्टी ने एक नई और अनोखी पहल की है। मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर पार्टी की आवाज को मजबूत करने के उद्देश्य से कांग्रेस ने ‘नेशनल टैलेंट हंट–मुखर आवाज’ अभियान की शुरुआत की है। पार्टी का दावा है कि इस तरह की पहल अब तक किसी भी राजनीतिक दल ने नहीं की है। इस अभियान के तहत युवाओं को पार्टी प्रवक्ता, रिसर्चर और मीडिया पैनलिस्ट के रूप में राजनीति में आगे आने का अवसर मिलेगा।
पटना से हुई अभियान की बिहार में शुरुआत
कांग्रेस के इस देशव्यापी अभियान की बिहार में विधिवत शुरुआत राजधानी पटना स्थित सदाकत आश्रम में हुई। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार समेत कई वरिष्ठ प्रदेश स्तरीय नेताओं ने अभियान को लॉन्च किया। इस मौके पर नेताओं ने इसे युवाओं को राजनीति से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
राजनीति में इच्छुक युवाओं को मिलेगा मंच
प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी की ओर से पूरे राज्य में प्रतिभा खोज अभियान शुरू किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य ऐसे नौजवानों की पहचान करना है, जो प्रवक्ता, रिसर्चर या मीडिया पैनलिस्ट के रूप में पार्टी की विचारधारा को मजबूती से सामने रखना चाहते हैं। इच्छुक युवा इस कार्यक्रम के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं।
राज्य से राष्ट्रीय स्तर तक चयन की प्रक्रिया
उन्होंने बताया कि चयन की प्रक्रिया दो चरणों में होगी। पहले राज्य स्तर पर युवाओं का चयन किया जाएगा। इसके बाद राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित नेशनल टैलेंट हंट में भाग लेने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवाओं को देश स्तर पर और राज्य स्तर पर चयनित युवाओं को राज्य स्तर पर पार्टी की ओर से प्रवक्ता, रिसर्चर और मीडिया पैनलिस्ट की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। हालांकि यह भूमिका स्वैच्छिक होगी और इसके लिए कोई वेतन नहीं दिया जाएगा।
राज्य और प्रमंडल स्तर पर गठित हुई कमिटियां
टैलेंट हंट के सफल संचालन के लिए राज्य और प्रमंडल स्तर पर कमिटियों का गठन किया गया है। राज्य स्तरीय कमिटी में असितनाथ तिवारी को राज्य संयोजक, राजीव मेहता को सह-संयोजक, सौरभ कुमार सिंहा को सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा महिला, एससी-एसटी, अल्पसंख्यक, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के प्रतिनिधियों को भी कमिटी में शामिल किया गया है। वहीं विभिन्न प्रमंडलों के लिए अलग-अलग क्षेत्रीय समन्वयक नियुक्त किए गए हैं।
आवेदन प्रक्रिया शुरू, एक माह में होगा चयन
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि अभियान के तहत युवाओं से आवेदन लेना शुरू कर दिया गया है। आवेदन के बाद विशेषज्ञों की समिति द्वारा साक्षात्कार और ग्रुप डिस्कशन के माध्यम से चयन किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया को एक माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मगध प्रमंडल समन्वयक बनने पर जताया आभार
इस दौरान औरंगाबाद के जिला पार्षद सुरेंद्र यादव और युवा नेता सूरज कुमार राय ने मगध प्रमंडल का क्षेत्रीय समन्वयक बनाए जाने पर प्रदेश अध्यक्ष के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस अभियान से औरंगाबाद समेत पूरे मगध क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा हुआ है और वे इस जिम्मेदारी पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे।






